नमाज पढ़कर निकले नाबालिग को घूरने की बात पर चाकू मारे

पहले घायल के दोस्त से हुआ था विवाद

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नलिया बाखल में नमाज पढ़कर निकले नाबालिग पर घूरने की बात को लेकर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। उसे चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल अयान पिता अब्दुल अनीस खान (17) निवासी नलिया बाखल बुधवार शाम को नमाज पढऩे गया था। वहां से निकलते वक्त घूरने की बात पर अरकान और उसके अन्य साथियों से उसका विवाद हो गया। इसमें अरकान और उसके साथियों ने अयान पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसका इलाज जारी है। अयान मैकेनिक का काम करता है। कुछ दिन पहले अयान के दोस्त का भी अरकान से विवाद हुआ था तब से ही विवाद चला आ रहा है।
काल भैरव मंदिर के बाहर युवक पर चाकू से हमला
उज्जैन। कालभैरव मंदिर के बाहर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बदमाश ने दुकान चला रहे युवक पर सरेराह चाकू से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार पुष्पांजलि नगर (आगर रोड) निवासी निहाल मालवीय काल भैरव मंदिर के बाहर कुर्ते की दुकान लगाता है। बुधवार शाम जब वह अपनी दुकान पर था तभी आगर नाका निवासी सुमित श्रीवास वहां पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया।
चाकू निहाल की जांघ पर लगा जिससे वह लहूलुहान हो गया। आसपास के दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को संभाला। घायल निहाल ने बताया कि वह सुमित को पहले से जानता है, लेकिन उनके बीच कोई ताजा विवाद नहीं था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सुमित श्रीवास कुछ दिनों पहले महाकाल क्षेत्र में भी चाकूबाजी की एक वारदात को अंजाम दे चुका है और उस मामले में फरार चल रहा है।









