नैवेद्य लोक में फ्री में स्टॉल्स लगाएं खाने के शौकीनों को व्यंजन खिलाएं

56 दुकानों की तर्ज पर निर्मित फूड झोन में आज और कल भी लगेंगे फूड स्टॉल, आप भी ले सकते हैं जायकों का स्वाद

18 करोड़ की लागत वाली 34 दुकानों में प्रतिष्ठित ब्रांड के आने की उम्मीद
3 दिन में शॉप्स के लिए जारी होगा टेंडर
30 से 40 लाख रुपए हो सकती है कीमत
तीन साल तक मेंटेनेंस करेगा यूडीए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर की 56 दुकानों की तर्ज पर नानाखेड़ा स्थित सी-21 मॉल के समीप 18 करोड़ रुपए की लागत से बने शहर के पहले फूड झोन ‘नैवेद्य लोक’ में अगर आप व्यंजनों के स्टॉल लगाना चाहते हैं तो यह खबर आपके काम की है। शहर को फूड झोन की सौगात मिलते ही यूडीए (उज्जैन विकास प्राधिकरण) ने विशेष ऑफर रखा है जिसके तहत चार दिनों के लिए यहां फ्री में स्टॉल लगाए जा सकते हैं, इसके लिए कोई शुल्क या पैसा नहीं लिया जाएगा। शाम 5 से रात 10 बजे तक इसका टाइम भी निर्धारित किया गया है। इसमें से दो दिन बीत चुके हैं, रविवार को इस ऑफर का लास्ट डे है। ऐसा इसलिए ताकि लोग यहां आएं। इसके बाद अगले तीन दिनों में यूडीए द्वारा दुकानों के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। जिसमें एक दुकान की कीमत 30 से 40 लाख रुपए हो सकती है।
दरअसल, शहरवासियों और देशभर से भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आने वाले पर्यटकों को एक ही जगह पर शुद्ध और सात्विक व्यंजनों मिलें, इसी को ध्यान में रखते हुए यूडीए ने नैवेद्य लोक का निर्माण किया है। इसमें अलग-अलग साइज की 34 दुकानें हैं। शुक्रवार को यूडीए सीईओ संदीप सोनी भी नैवेद्य लोक का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभी यहां बड़ी-बड़ी एलईडी और साउंड सिस्टम लगेंगे। दुकानों का विक्रय होने के बाद इस फूड झोन को पूरी तरह से शुरू होने में दो माह का समय लगेगा। संभवत: मई में इसकी शुरुआत हो जाएगी।
तीन साल करेगा मेंटेनेंस
नैवेद्य लोक में बनी दुकानों का मेंटेनेंस अगले तीन साल तक यूडीए द्वारा किया जाएगा। इसमें होने वाली टूटफूट, फर्नीचर, हरियाली, लाइटिंग आदि की मरम्मत भी यूडीए ही करेगा। दुकान मालिक से किसी तरह की राशि नहीं ली जाएगी।
ऑरेंज टीशर्ट व कैप में दिखेंगे सफाईकर्मी
यहां काम करने वाले सफाईकर्मियों का डे्रसकोड होगा। उन्हें ऑरेंज टीशर्ट और कैप दी जाएगी ताकि सभी एक समान दिखें। इसके अलावा सिक्योरिटी गाड्र्स भी डे्रस में रहेंगे। उन्हें आगे और पीछे की ओर तैनात किया जाएगा।
हर दो दुकानों के बीच एक डस्टबिन
नैवेद्य लोक में यहां-वहां कचरा ना फैले, इसके लिए डस्टबिन रखें जाएंगे। हर दो दुकानों के बीच एक डस्टबिन होगा। इस तरह १७ डस्टबिन रखे जाएंगे। इसके अलावा दुकानों के बर्तन धोने के लिए भी अलग से वॉशिंग एरिया बनाया जा रहा है।
इंदौर से मंगवाए लाइटिंग स्टॉल
यहां शॉप्स के बाहर लगे स्टॉल्स इंदौर से मंगवाए गए हैं। इनकी विशेषता यह है कि यह काफी हल्के हैं और सामने की ओर इसमें लाइटिंग है जो शाम होते ही जल उठती है। इससे यह देखने में काफी आकर्षक लगते हंै।
नैवेद्य लोक एक नजर में
निर्माण लागत 18 करोड़ रुपए
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ओपन थियेटर (स्टेज)
साउंड सिस्टम
सीसीटीवी कैमरे से लैस, सर्वर रूम
नए सेंसर उपकरण के साथ प्रसाधन कक्ष
आपातकालीन बिजली व्यवस्था के लिए डीजी सेट
पार्किंग
अंडरग्राउंड बिजली व अंडरग्राउंड सीवरेज व्यवस्था
लैंड स्केपिंग और थीम बेस्ड फ्लोरिंग
दुकानें के आगे हिंदी और इंग्लिश में नंबरिंग









