पीएचई की लाइन दुरुस्त, जल प्रदाय बहाल

By AV NEWS

पाइपलाइन मेंटेनेंस के लिए बजट की आवश्यकता

उज्जैन। तीन दिन की मशक्कत के बाद गंभीर इंटकवेल से गऊघाट आने वाली मुख्य पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कर दिया गया है। इसके बाद शहर में जल आपूर्ति बहाल हो गई है। हालांकि अधिकारियों को भविष्य के लाइन मेंटेनेंस की चिंता सताने लगी है। दरअसल, लाइनों का मेंटेनेंस लंबे समय से नहीं हुआ है वहीं नगर निगम के पूर्व अधिकारियों की लापरवाही के कारण पीएचई के बजट का ही सही तरीके से प्रावधान नहीं किया है। ऐसे में खर्च का संकट बना हुआ है।

बता दें कि निगम पीएचई विभाग के पास पाइपलाइन सुधरवाने के पैसे तक नहीं है। न ही मशीनें मेंटेन करने के रुपए। मुख्य प्लांट पर कुछ मशीनें तो जुगाड़ से चलाई जा रही है। यह मशीन ऐसी है कि अगर इनमें खराबी आई तो उसे सुधारने में ही 20 दिन लगेंगे, जिसका कोई ऑप्शन भी पीएचई के पास नहीं है।

अगर ऐसी स्थिति बनती है तो शहर की पेयजल व्यवस्था ध्वस्त हो सकती है। वहीं वेंडर ने भी पाइप लाइन सुधारने से मना कर दिया। उसका कहना था कि निगम पर लाखों रुपए बकाया है लेकिन पेमेंट नहीं हो रहे हैं, काम कैसे करूं। पीएचई के अफसरों के दबाव के बाद उसने पाइपलाइन को तो दुरुस्त कर दिया है।

इनका कहना है
वर्तमान में पीएचई के पास बजट के नाम पर कुछ भी नहीं है। वर्ष 2022-2023 के लिए 400 लाख रुपए का प्रस्ताव बोर्ड में रखा गया है। इसके स्वीकृत होते ही कमियों को दूर किया जाएगा।
राजीव शुक्ला, प्रभारी कार्यपालन यंत्री पीएचई उज्जैन

Share This Article