पेड़ के नीचे मिला युवक का शव , मर्ग कायम

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:रावटी रतलाम में रहने वाला मजदूर रात में पेड़ के नीचे सोया जिसकी लाश सुबह पुलिस ने बरामद की। मृतक के कपड़ों से मिले कागजों से उसके परिजनों को सूचना देकर शव का पीएम कराया।
रामचंद्र उर्फ रामा पिता नानजी भील 30 वर्ष निवासी सादेड़ा रावटी रतलाम अपने अन्य साथियों के साथ मजदूरी करने उज्जैन आया था। उक्त लोगों ने जीनिंग फैक्ट्री आगर रोड़ पर डेरा डाला था।
सुबह उसके साथी मजदूरी करने चले गये जबकि रामचंद्र वहीं पेड़ के नीचे सोता रहा। लोगों ने उसे मृत हालत में देखा जिसकी सूचना चिमनगंज थाने पर दी। पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया व उसके कपड़ों से मिले कागजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। रामचंद्र की मां संभूड़ी ने अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
चोरी करने वाला बदमाश पकड़ाया
उज्जैन। आगर रोड़ एकता नगर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले इंदौर के एक बदमाश को चिमनगंज थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि उसके महिला सहित दो साथियों को जेल से पीआर पर लाया जाएगा। शोएब मोहम्मद निवासी एकता नगर के मकान से लाखों के जेवर चोरी कर लिये थे।
शोएब ने चोरी की रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दीपक मालवीय निवासी इंदौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जेल में बंद महिला साथी रूबीना और अकरम के साथ उक्त वारदात करना कबूला। पुलिस अब रूबीना और अकरम को जेल से रिमांड पर लेकर माल बरामद कर शाम तक चोरी के मामले का खुलासा करेगी।









