Advertisement

प्रेमिका की बेवफाई, खुदकुशी कर ली

सुसाइड नोट में खुला राज… गांव की युवती से करता प्रेम, शादी से इंकार बना मौत की वजह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। एजुकेशन हब कहे जाने वाले इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र में एक छात्र की खुदकुशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किराए के कमरे में रहकर भविष्य संवारने का सपना देख रहे 22 वर्षीय मयंक द्विवेदी ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। तीन दिनों तक अस्पताल में मौत से जंग लडऩे के बाद मयंक ने दम तोड़ दिया। पुलिस को मिले सुसाइड नोट ने इस आत्मघाती कदम के पीछे की दर्दनाक कहानी बयां की है।

कटनी जिले के ग्राम बरही (करेला) का रहने वाला मयंक पिछले तीन साल से इंदौर में अपनी बहन के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना 26 फरवरी की रात की है, जब मयंक ने मेडिकल स्टोर से ब्लड प्रेशर की भारी मात्रा में दवाएं खरीदीं और अपने कमरे में उनका सेवन कर लिया। अगले दिन जब दोस्तों ने उसकी हालत बिगड़ती देखी, तो उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को हालत अधिक गंभीर होने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। भंवरकुआं पुलिस को मयंक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस पत्र में मयंक ने अपने गांव की ही एक युवती के साथ गहरे प्रेम प्रसंग और संबंधों का जिक्र किया है। मयंक उस युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने अचानक शादी से इनकार कर दिया और उससे दूरी बना ली। प्यार में मिले इस धोखे और रिश्ते के खत्म होने के गम में मयंक टूट गया और उसने मौत को गले लगाना बेहतर समझा।

Advertisement

अकेलेपन में उठाया खौफनाक कदम
परिजनों के अनुसार, मयंक की बहन कुछ दिनों के लिए गांव गई हुई थी और मयंक भी घटना से एक दिन पहले ही गांव से इंदौर लौटा था। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर उसने यह जानलेवा कदम उठाया। मयंक के पिता एक साधारण किसान हैं, जबकि उसका बड़ा भाई मुंबई में रहकर कड़ी मेहनत करता है ताकि अपने छोटे भाई-बहन की पढ़ाई का खर्च उठा सके। बड़े भाई का सपना मयंक को एक सफल इंसान बनाने का था, जो अब पूरी तरह बिखर चुका है।

पुलिस की जांच और कानूनी प्रक्रिया…
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे शोकाकुल परिजन को सौंप दिया है। जांच अधिकारी सुसाइड नोट के आधार पर उस युवती और मयंक के मोबाइल कॉल डिटेल्स की पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या युवती या किसी अन्य व्यक्ति ने मयंक को आत्महत्या के लिए उकसाया था।

Advertisement

Related Articles

Write a review