15 केस वाला बदमाश 15 लीटर जहरीली शराब के साथ गिरफ्तार

आरोपी पर कुल 15 केस दर्ज, पूर्व में पुलिस तुडवा चुकी ढाबा, जेल भेजा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। बिना नंबर की कार में अवैध जहरीली शराब लेकर जा रहे रतलाम के बिलपांक थाना क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाश को बडऩगर पुलिस ने रूनिजा रोड ब्रिज के नीचे से सोमवार रात घेराबंदी कर गिरफ्त में लिया है। उसके पास से 15 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची जहरीली शराब एवं कार जब्त की गई। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि सोमवार रात को कस्बा भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति रूनिजा की ओर से बिना नंबर की नीली कार में हाथभट्टी की कच्ची जहरीली शराब लेकर बडऩगर की ओर आ रहा है। इसके बाद पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया जिसने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शेर अली उर्फ शेरू पिता मेहर अली (49) निवासी ग्राम सुराना, थाना बिलपांक, रतलाम बताया।
तलाशी में उसकी कार में ड्रायवर के साइड वाली सीट के आगे डेश बोर्ड की नीचे खाली जगह में प्लास्टिक कैन रखी थी जिसमें हाथ भट्टी की बनी १५ लीटर कच्ची जहरीली शराब मिली जिसकी कीमत करीब १५०० रुपए बताई गई है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार करते हुए शराब एवं कार जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी शेर अली के खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
15 केस पहले से दर्ज
आरोपी शेर अली के खिलाफ जुआ, आबकारी, आम्र्स एक्ट में रतलाम के बिलपांक, आईए, माणक चौक, नामली, स्टेशन रोड, डीडी नगर के अलावा उज्जैन के उन्हेल थाने में कुल १५ प्रकरण दर्ज हैं। सबसे ज्यादा केस ७ केस बिलपांक थाने में दर्ज हैं।
इधर, बकरा चुराने वाला शराब तस्करी करते पकड़ाया, जेल भेजा: इधर, भाटपचलाना पुलिस ने बकरा चुराने वाले को जहरीली शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि ८ मार्च को फरियादी प्रभुलाल पिता रूपाजी निवासी ग्राम मलोडा ने भाटपचलाना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके घर से ३० हजार रुपए कीमत का बकरा अज्ञात शख्स चुरा ले गया।
पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने आरोपी सागर पिता अमृतलाल (32) निवासी ग्राम खेरवास, थाना बदनावर (धार) को जहरीली शराब की तस्करी करते पकड़ा। उसके कब्जे से बकरा भी बरामद किया गया। इसके बाद आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। टीआई सतेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जांच में पता चला कि उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के दो केस दर्ज हैं।









