भस्मार्ती की तरह अब संध्या और शयन आरती की भी ऑनलाइन बुकिंग होगी, 250 रुपए का शुल्क

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब भस्म आरती की तर्ज पर संध्या और शयन आरती में सम्मिलित होने के लिए भी श्रद्धालुओं को सशुल्क अनुमति लेनी होगी। गुरुवार से लागू की गई इस नई व्यवस्था के तहत प्रति श्रद्धालु 250 का शुल्क निर्धारित किया गया है। समिति का मुख्य उद्देश्य मंदिर में उमडऩे वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करना और दर्शन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है।

आधिकारिक वेबसाइट से ही होगी बुकिंग
नई व्यवस्था के अनुसार, अब श्रद्धालु इन आरतियों के लिए केवल मंदिर की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही अपनी बुकिंग सुनिश्चित कर सकेंगे। संध्या आरती के लिए ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी, जबकि शयन आरती के लिए पोर्टल शाम 4 बजे से खुलेगा। यह पूरी प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर संचालित की जाएगी, जिससे भक्तों को कतारों में लगने की असुविधा से राहत मिलेगी।
प्रवेश के लिए समय और द्वार निर्धारित
दोनों ही विशेष आरतियों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश की विशेष गाइडलाइन जारी की गई है। श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार क्रमांक 1 से ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। समय का पालन अनिवार्य करते हुए समिति ने संध्या आरती के लिए प्रवेश का अंतिम समय शाम 6 बजे और शयन आरती के लिए रात 10 बजे तय किया है। निर्धारित समय के बाद पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को आरती में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नि:शुल्क दर्शनार्थियों के लिए चलित व्यवस्था
जो श्रद्धालु शुल्क देकर बुकिंग नहीं कराना चाहते, उनके लिए मंदिर समिति ने चलित दर्शन की सुविधा को निरंतर रखा है।
आरती के दौरान भी सामान्य कतारों से आने वाले भक्त निरंतर चलते हुए बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे।









