Advertisement

भागलपुर के अस्पताल से भागे विक्षिप्त ने उज्जैन में मचाया हंगामा

डेढ़ घंटे तक फ्रीगंज में लगा रहा मजमा, पुलिस ने परिवार को बुलाया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बिहार के भागलपुर अस्पताल से भागकर किसी तरह उज्जैन तक पहुंचे एक विक्षिप्त की वजह से मंगलवार रात फ्रीगंज क्षेत्र में खासा हंगामा हुआ। वह एक मकान में घुसा, बैग उठाया और कपड़े बदले। घर के सदस्यों ने उसे देख लिया तो पकड़े जाने के डर से दूसरी मंजिल की गैलरी पर जाकर लटक गया। बड़ी मुश्किल से उसे किसी तरह पकड़कर नीचे लाया गया। पुलिस ने उसके परिवार को उज्जैन बुलाया है। उनके आने के बाद आगे की प्रक्रिया होगी।

रात करीब 8 बजे थे, फ्रीगंज में जैन नमकीन भंडार के पास रहने वाले तरुण मलिक के घर में एक अज्ञात युवक घुस गया। उसने घर में रखा एक बैग उठाया। खुद के कपड़े उतारे और बैग में रखे कपड़े पहने। इस बीच मलिक परिवार के सदस्यों ने उसे देख लिया और पुलिस को सूचना दी। जैसे ही शोर मचा, युवक दूसरी मंजिल की गैलरी पर जाकर लटक गया।

Advertisement

वह केवल इतना ही बोलता रहा- मुझे मार डालेंगे। माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती और उनकी टीम यहां पहुंची और उसे बातों में उलझाकर पकड़ा और किसी तरह नीचे लेकर आए। थाने में भी वह साफ-साफ कुछ बता नहीं पा रहा था। किसी तरह काउंसलिंग करने के बाद उसे एक मोबाइल नंबर याद आया। फोन का यह नंबर उसकी मां का था। इस नंबर पर कॉल करने पर पता चला कि युवक का नाम कुंदन है, वह बिहार के सहरसा का रहने वाला है।

मानसिक रूप से कमजोर कुंदन का भागलपुर अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहां से करीब 10 दिन पहले वह लापता हो गया, इसके बाद से ही उसके परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, कुंदन किसी तरह उज्जैन तक आ गया। माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती के मुताबिक उसके परिजनों को उसके इलाज से संबंधित दस्तावेज लेकर यहां बुलाया गया है। जांच उपरांत उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Advertisement

Related Articles

Write a review