मध्य प्रदेश के 18 IAS अधिकारियों के तबादले

प्रतिबंध लगने से 15 मिनट पहले 18 IAS इधर-उधर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन संभागायुक्त संदीप यादव का तबादला, संजय गोयल नए कमिश्नर
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में तबादलों का दौर जारी है। आए दिन आईपीएस आईएएस और आईएफएस समेत विभिन्न विभागों के तबादले किए जा रहे है।
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य 2 अगस्त से प्रारंभ हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार 31 जुलाई को अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर प्रतिबंध लग गया है। प्रतिबंध लगने के 15 मिनट पहले देर रात को प्रदेश के 18 आईएएस इधर-उधर किए गए है।
मप्र शासन ने रविवार आधी रात को अफसरों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इनमें 5 जिलों के कलेक्टर, 4 संभागों के आयुक्त भी बदले गए हैं। उज्जैन के संभाग आयुक्त संदीप यादव का तबादला किया है। संजय गोयल को उज्जैन का कमिश्नर बनाया है।
तबादलों पर रोक से कुछ ही मिनट पहले रविवार रात करीब पौने 12 बजे आईएएस अफसरों के दो तबादला आदेश जारी हुए हैं। पहले ऑर्डर में 13, दूसरे में 5 आईएएस अफसरों के तबादले हुए। उज्जैन के संभाग आयुक्त संदीप यादव को प्रमुख राजस्व आयुक्त मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।
संजय गोयल को उज्जैन संभाग का कमिश्नर बनाया गया है। इनके अलावा इंदौर के संभाग आयुक्त पवन कुमार शर्मा को भोपाल संभाग का संभागायुक्त बनाया गया है। शर्मा के पास नर्मदापुरम के कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। इसके साथ ही वे सेक्रेटरी राजस्व विभाग तथा आयुक्त भू अभिलेख एवं बंदोबस्त ग्वालियर के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। भोपाल संभाग आयुक्त माल सिंह भयडिया इंदौर संभाग के आयुक्त बनाए गए हैं।
इसके साथ ही नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण इंदौर के आयुक्त फील्ड का भी अतिरिक्त प्रभार उनके पास रहेगा। नर्मदापुरम के संभाग आयुक्त श्रीमन शुक्ला कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक और कमिश्नर बनाए गए हैं।
बगैर अनुमति स्थानांतरण नहीं होंगे.
उज्जैन। अब अधिकारियों- कर्मचारियों के तबादले नहीं होंगे। मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूरा होने तक बिना अनुमति के अधिकारी-कर्मचारी नहीं बदले जाएंगे। सरकार को कलेक्टर का तबादला करने के पहले चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी। दो अगस्त से प्रारंभ होने जा रहे मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। बता दें कि 31 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
सेक्टर अधिकारी मतदाता सूची का वाचन करेंगे। इसमें जनवरी में हुए संक्षिप्त पुनरीक्षण में जिनके नाम काटे या जोड़े गए थे, उनकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन आवासों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा, जिनमें छह से अधिक मतदाता हैं।
कलेक्टर्स भी बदलें
शासन ने 13 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर में 5 जिलों के कलेक्टर भी बदले हैं। श्रीकांत भनोट को श्रम आयुक्त इंदौर, तरुण राठी को कलेक्टर गुना, भोपाल नगर निगम कमिश्नर बीएस चौधरी कोलसानी को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। हरजिंदर सिंह पन्ना के नए कलेक्टर होंगे। संजीव श्रीवास्तव को भिंड कलेक्टर, मनोज पुष्प अब छिंदवाड़ा के कलेक्टर होंगे। पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा को मध्यप्रदेश शासन में उप सचिव बनाया गया है। उमरिया कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल में सचिव बनाया गया है ।
भिंड कलेक्टर सतीश कुमार एस मध्यप्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड भोपाल के प्रबंध संचालक बनाए गए हैं । इसके साथ ही उनके पास पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप सचिव का भी चार्ज रहेगा। गुना कलेक्टर फ्रेंक नोबेल ए भोपाल नगर निगम के कमिश्नर बनाए गए हैं। उनके पास एमपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
छिंदवाड़ा कलेक्टर शीतला पटले मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाई गई है। इसके साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट परियोजना संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है । भोपाल विकास प्राधिकरण के सीईओ बुद्धेश कुमार वैद्य उमरिया के कलेक्टर होंगे। भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त संदीप केरकेट्टा भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाए गए हैं।