महाकाल दर्शन कर सुनील शेट्टी की आंखे श्रद्धा से छलक पड़ीं

पीडब्ल्यूडी मंत्री सिंह और फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी भस्म आरती में शामिल
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन मप्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह और फल्म अभिनेता सुनील शेट्टी शुक्रवार तड़के भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। मंत्री राकेश सिंह परिवार के साथ और अभिनेता सुनील शेट्टी अपने बेटे अहान शेट्टी के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे थे। मंत्री राकेश सिंह और सुनील शेट्टी, अहान शेट्टी ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की।
भावुक हो गए अभिनेता
बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी शुक्रवार को भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्म आरती के दर्शन करते समय भावुक हो गए। आंखे श्रद्धा के आंसुओं से छलक पड़ीं। उन्होंने कहा महाकाल मंदिर परिसर को देख मन प्रसन्न हो गया। किसी अंतरराष्ट्रीय स्थल से दस गुना बेहतर है यह स्थान। शेट्टी ने कहा महाकाल मंदिर में आध्यात्मिक ऊर्जा की एक अलग ही अनुभूति होती है। आंखों से आंसू आ जाए, ऐसा कम ही होता है।
महाकाल भस्म आरती का अनुभव बताते हुए शेट्टी ने कहा भगवान महाकाल की भस्म आरती ने रोम-रोम खड़ा कर दिया। यहां आकर भक्ति के आंसू निकल आए। बेटे अहान शेट्टी के साथ उन्होंने महाकाल भस्म आरती की और भगवान का ध्यान भी किया। बेटे अहान के साथ तड़के 4 बजे भस्मआरती में सम्मिलित हुए। दोनों ने नव ग्रह मंदिर में पूजन अभिषेक भी किया। पूरा मंदिर परिसर भी घूमकर देखा। उन्होंने कहा कि वे पहली बार बाबा की भस्म आरती में शामिल हुए हैं। पंडित आशीष गुरु ने पूजा कराई। मंदिर प्रबंध समिति के सहायक आरपी गेहलोत ने मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान किया। वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेशसिंह ने कहा कि उन्होंने देश और प्रदेश के विकास और कल्याण की कामना की।
पिछले साल बेटी अथिया पति केएल राहुल के साथ आई थी मंदिर…
पिछले साल फरवरी में बेटी अथिया शेट्टी शेट्टी और पति क्रिकेटर केएल राहुल ने भी महाकाल दर्शन किए थे। दोनों पहली बार महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आए थे।









