महाराजवाड़ा भवन की जगह बनी हेरिटेज होटल, ठेके पर देने की तैयारी

By AV NEWS

कलेक्टर ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों से कहा जल्द काम पूरा कराओ

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:पुराने जमाने के महाराजवाड़ा भवन को अब हेरिटेज होटल का रूप दिया जा चुका है। पूर्व सीएम शिवराजसिंह चौहान इसका लोकार्पण कर चुके हैं, लेकिन अभी इसका काम अधूरा है। होटल को प्रशासन द्वारा ठेके पर देने की तैयारी की जा रही है। कलेक्टर नीरजकुमार सिंह ने शुक्रवार रात इसका निरीक्षण किया और स्मार्ट सिटी अधिकारियों से कहा जल्द काम पूरा कराओ।

कलेक्टर सिंह ने शुक्रवार रात 9 से 11 बजे तक स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। ई कार्ट में अधिकारियों के साथ उन्होंने महाकाल मंदिर में टनल से दर्शन की तैयारी का भी निरीक्षण किया। महाराजवाड़ा भवन को हेरिटेज होटल में तब्दील करने का काम भी उन्होंने देखा।

स्मार्ट सिटी सीईओ और नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक, अधीक्षण यंत्री नीरज पांडे, महाकाल मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी, यूडीए के ईई केसी पाटीदार, शैलेंद्रकुमार जैन आदि ने जानकारियां दीं। इस दौरान स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बताया होटल जा काम लगभग पूरा हो चुका है। केवल फाल सीलिंग का काम बचा है। काम धीमा होने के कारण ठेकेदार का ठेका भी रिबोक किया जा सकता है। सीईओ पाठक ने बताया इलेक्ट्रिक का काम करने वाली एजेंसी तैयार है, लेकिन फाल सीलिंग का काम पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है। फाल सीलिंग होने के बाद एक से डेढ़ माह में इसे तैयार किया जा सकता है। होटल को ठेके पर दिया जाएगा। इसकी संभावना भी कलेक्टर ने देखी।

छोटा रूद्रसागर में अनुभूति गार्डन तैयार, हैंडओवर का इंतजार…

छोटा रूद्रसागर के पास महाराजवाड़ा भवन के पीछे अनुभूति गार्डन तैयार हो चुका है। अब मेंटेनेंस आदि के लिए इसका हैंडओवर किया जाना बाकी है। कलेक्टर ने यहां से हरसिद्धि मंदिर और महाकाल मंदिर के शिखर दर्शन भी किए। परिसर में बनाई गई चार ध्यान कुटी भी देखी। बड़ा गणेश मंदिर से बनने वाली रोड की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया पंडित आनंदशंकर व्यास के मकान को हटाने का इंतजार किया जा रहा है। इसको लेकर मामला अभी कोर्ट में है। पद्मभूषण ज्योतिषाचार्य पंडित सूर्यनारायण व्यास के मकान का भी अवलोकन किया।

होटल के सामने की रोड कौन बनाएगा?

हेरिटेज होटल के सामने की रोड का काम अभी किया जाना बाकी है। इसका काम कौन करेगा, इसको लेकर अनिर्णय की स्थिति भी सामने आई है। स्मार्ट सिटी अधिकारियों ने बताया इसे मंदिर प्रबंधन बनाएगा, फाइल में भी इसकी स्वीकृति है, जबकि मंदिर के अधिकारियों ने कहा यह काम स्मार्ट सिटी के अंतर्गत होगा। कलेक्टर ने रुद्रसागर पर बन रहे आर्च ब्रिज की भी जानकारी ली। अभी यह ब्रिज आधा ही बन सका है। इसका काम पूरा होने में वक्त लगेगा।

कलेक्टर बोले
यह तो बहुत प्राइम लोकेशन है…
महाराजवाड़ा भवन के पीछे से महाकाल शिखर के दर्शन कर कलेक्टर बोले यह तो बहुत प्राइम लोकेशन है। टेंडर में इस हिस्से को भी शामिल करने पर विचार किया जा सकता है। इस स्थान से शिखर दर्शन अच्छे से होते हैं।

Share This Article