महावीर बाग चोरी में इंदौर के दो बदमाश पुलिस हिरासत में

उज्जैन। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के महावीर बाग में जनवरी में हुई चोरी की बड़ी वारदात को सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इंदौर के छोटा बांगड़दा क्षेत्र से दो शातिर बदमाशों को हिरासत में लिया गया है, जिन्होंने जनवरी के अंतिम सप्ताह में एक सूने मकान का ताला तोड़कर आभूषणों पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर कुछ जेवरात बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी माल की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। वारदात के बाद पुलिस की टीम लगातार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी।

फुटेज के आधार पर ही पुलिस इन आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। फिलहाल पकड़े गए बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके गिरोह ने शहर के अन्य हिस्सों में भी वारदातें की हैं या नहीं। विशेष रूप से पुलिस का ध्यान महानंदा नगर और बसंत विहार में हुई हालिया चोरियों पर हैं, जहां दो बदमाशों के साथ एक युवती भी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इन वारदातों के तार भी इंदौर से जुड़े होने की प्रबल संभावना है। महावीर बाग चोरी मामले में शेष सामग्री बरामद होने के बाद संभवत: आज शाम तक पुलिस विभाग इस मामले का औपचारिक खुलासा कर सकता है। फिलहाल शहर में सक्रिय बाहरी गिरोहों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।









