मातहतों को दी चेतावनी, कहा रात-दिन काम करें, मैं कभी भी मुआयने के लिए आ सकता हूं

सिंहस्थ की तैयारी: नगर निगम के सड़क चौड़ीकरण काम को देखने निकले निगम आयुक्त
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आयुक्त बोले- समय सीमा का रखें ध्यान…
खजूर वाली मस्जिद से केडी गेट और शांति पैलेस से नानाखेड़ा मार्ग का आयुक्त ने किया निरीक्षण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम की साइट पर रात में भी काम होना चाहिए। तभी समय सीमा में काम पूरे होंगे। मैं रात में किसी भी वक्त काम देखने आ सकता हूं, काम बंद दिखा तो तुरंत कार्रवाई होगी। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शुक्रवार को केडी गेट क्षेत्र में चल रहे चौड़ीकरण के कामकाज का जायजा लेते वक्त साथ चल रहे अधिकारी और ठेकेदारों को दिए। शुक्रवार को मैदानी निरीक्षण करने आयुक्त खजूर वाली मस्जिद से केडी गेट होते हुए बड़े पुल तक और शांति पैलेस चौराहे से नानाखेड़ा तक पहुंचे और निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए गति बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
साढ़े 12 करोड़ की लागत से संवरेगा नानाखेड़ा मार्ग
निगम प्रशासन द्वारा शांति पैलेस चौराहे से नानाखेड़ा चौराहे तक लगभग 12.5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से मार्ग का कायाकल्प किया जा रहा है। यह मार्ग लगभग 45 मीटर चौड़ा और 450 मीटर लंबा होगा, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा। वर्तमान में इस खंड पर स्टॉर्म वॉटर ड्रेन (जल निकासी नाली) का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं रात में भी होगी मॉनिटरिंग
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चौड़ीकरण के कार्यों में किसी भी प्रकार का विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें। वर्तमान में निगम प्रशासन द्वारा इन निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है और आयुक्त के निर्देश पर रात्रि में भी कार्य जारी रखने की व्यवस्था की गई है ताकि समय सीमा में प्रोजेक्ट को पूरा किया जा सके। देर रात होने वाले कार्यों पर भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों से बोले- पहले डे्रनेज चैक करें
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण स्थल पर मौजूद सहायक यंत्री राजकुमार राठौड़ और संबंधित ठेकेदार से कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से पहले ड्रेनेज और अन्य बुनियादी ढांचे को सुव्यवस्थित किया जाए ताकि भविष्य में सड़क को दोबारा न खोदना पड़े। आयुक्त ने मौके पर ही तकनीकी बारीकियों को समझा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।








