मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अवैध तौर पर संचालित दुकानों पर ताले लगना शुरू

By AV NEWS

धार्मिक नगरी में लोगों को मिलेगी राहत बुद्धिजीवी वर्ग ने किया आदेश का स्वागत

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक आदेश जारी किया है जिसके तहत प्रदेश के सभी शहरों में अवैध रूप से संचालित हो रही मटन चिकन की दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया जाएगा। यह आदेश प्रदेश भर में तत्काल प्रभाव से लागू हो चुका है। मुख्यमंत्री के गृह नगर उज्जैन में सबसे पहले कार्रवाई की शुरुआत हुई। नगर निगम की टीम द्वारा कई क्षेत्रों में जाकर अवैध रूप से संचालित हो रही मटन चिकन की दुकानों को बंद करवाया गया।

आदेश में कहा गया है कि जिन दुकानों को लाइसेंस दिया है उन्हें भी गाइड लाइन के अनुसार व्यवसाय करना होगा। उल्लेखनीय की उज्जैन के कई मार्गों पर अवैध रूप से मटन चिकन की दुकान संचालित होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दौलतगंज चौराहा से लेकर मदार गेट और हरिफाटक ब्रिज से लेकर महाकाल चौराहे तक अधिक मात्रा में मटन चिकन की दुकान होने से महाकालेश्वर के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु भी कई बार विचार करने लग ते कि धार्मिक नगरी में यह सब कैसे चल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आदेश की शहर भर में प्रशंसा हो रही है। यदि इस आदेश का पूरी तरह से पालन किया गया तो उज्जैन नगरी मटन चिकन के कारोबार से काफी हद तक मुक्त हो जाएगी। इस संबंध में शहर के जागरूक नागरिकों से चर्चा की गई तो उन्होंने अपने विचार इस प्रकार रखे।

पूरे देश में लागू करें

जैन समाज के वरिष्ठ जंबू जैन धवल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का यह निर्णय स्वागत योग्य है। मेरे विचार से मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि संपूर्ण देश में मटन चिकन की दुकानों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उज्जैन बाबा महाकालेश्वर की नगरी है। भगवान श्री महावीर की तपोभूमि है इसके अलावा 12 वर्ष में सिंहस्थ महापर्व का आयोजन होता है। वाकई मुख्यमंत्री ने स्वागत योग्य कार्य किया है।

जीव दया का विशेष महत्व

जैन कवि संगम के प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार सुगन चंद जैन के मुताबिक खुले में मटन चिकन बेचने पर प्रतिबंध का निर्णय स्वागत योग्य है। श्रद्धालुओं की भावनाओं को समझ कर मुख्यमंत्री ने जो आदेश दिया है वह प्रशंसनीय और अभिनंदनीय है। जैन धर्म में जीव दया का विशेष महत्व है आशा ही नहीं विश्वास है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन को पवित्र नगरी घोषित कर मटन चिकन की दुकान पर सदैव के लिए रोक लगाएंगे

रोक लगना बेहद जरूरी

वरिष्ठ साहित्यकार मुकेश जोशी का कहना है कि मुख्यमंत्री ने जो आदेश दिया है वह सराहनीय है। दौलतगंज से महाकाल मार्ग, बेगमबाग, मुनिनगर दो तालाब के पास आदि क्षेत्रों में खुले रूप से दुकान संचालित हो रही है। उज्जैन धार्मिक नगरी है। मेरा सुझाव यह है कि पूरे शहर में मटन चिकन की दुकानों पर रोक लगाई जाए। इस आदेश की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम होगी।

सभी का सहयोग जरूरी

समाजसेवी गोपाल यादव गोविंदा ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री के इस आदेश का स्वागत करता हूं। आशा करता हूं कि सभी समाजजन व्यापारी इस मुहिम का हिस्सा बनकर अपना सहयोग प्रदान करेंगे। अब बाबा महाकालेश्वर की नगरी को धार्मिक नगरी घोषित किया जाना चाहिए। कई वर्षों से हिंदूवादी संगठन और संत इस संबंध में मांग करते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जो आदेश दिया है उसका स्वागत है लेकिन अभी भी उज्जैन धार्मिक नगरी को लेकर बहुत किया है बहुत कुछ किया जाना शेष है।

फैसला सराहनीय

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मटन चिकन की दुकान को लेकर जो फैसला दिया है वह वाकई स्वागत योग्य और सराहनीय है। उज्जैन की धर्म धरा के साथ अन्य धार्मिक शहरों में भी शीघ्र ही मटन चिकन की दुकानों पर रोक लगाई जाना चाहिए।

यह विचार व्यक्त करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नगर उपाध्यक्ष जगदीश पांचाल ने कहा कि उज्जैन मे बाहर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु महाकालेश्वर एवं अन्य मंदिरों के दर्शन करने आते हैं। इस प्रकार की दुकानों पर रोक लगने से बाहर से आने वाले लोगों के बीच अच्छा संदेश जाएगा।

Share This Article