युवक ने पहले जहर खाया, फिर फांसी लगाकर की आत्महत्या

इंदौर के खुडैल इलाके के पीवडाय ग्राम में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय अतुल, जो एक निजी कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत था, ने पहले सल्फास जैसा जहरीला पदार्थ खा लिया और उसके बाद फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि अतुल ने रात के समय जहर खाने के बाद घर से बाहर जाकर एक अन्य स्थान पर फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
जानकारी के मुताबिक, अतुल की शादी को दो साल हो चुके थे और उसके कोई बच्चे नहीं थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।









