विक्रम व्यापार मेले में दूसरे ही दिन रिकॉर्डतोड़ 919 वाहनों की बिक्री

दो दिनों में 1420 वाहनों की बिक्री से ऑटोमोबाइल सेक्टर में उत्साह

उज्जैन। महाकाल की नगरी में आयोजित विक्रम व्यापार मेला अपने शुरुआती दिनों में ही सफलता के नए कीर्तिमान रच रहा है। मेले के दूसरे दिन मंगलवार को ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त उछाल देखा गया, जहाँ एक ही दिन में 919 वाहनों की बिक्री हुई। शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग वाहन खरीदने के लिए मेले में पहुँच रहे हैं, जिससे व्यापारिक गतिविधियाँ चरम पर हैं।
टैक्स में भारी छूट का असर चौपहिया वाहनों की धूम
मध्यप्रदेश शासन द्वारा मेले में गैर-परिवहन और हल्के परिवहन वाहनों पर जीवनकाल मोटरयान कर में 50 प्रतिशत की भारी छूट दी जा रही है। इस रियायत का सीधा असर बिक्री के आंकड़ों पर दिखाई दे रहा है। 17 फरवरी को हुई 919 वाहनों की बिक्री में सबसे अधिक संख्या चारपहिया वाहनों की रही। आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को 730 चारपहिया, 160 दोपहिया और 29 अन्य श्रेणी के वाहन बेचे गए।
1400 के पार पहुँचा आंकड़ा
मेले के पहले दिन यानी 16 फरवरी को 501 वाहनों की बिक्री हुई थी, जिसमें 136 दोपहिया, 340 चारपहिया और 25 अन्य वाहन शामिल थे। महज दो दिनों के भीतर कुल 1420 वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री ने ऑटोमोबाइल डीलर्स के चेहरे खिला दिए हैं। विक्रम व्यापार मेले की रंगत अभी और बढऩे की उम्मीद है क्योंकि यह आयोजन 18 मार्च तक जारी रहेगा। टैक्स में छूट के चलते लोग शुभ मुहूर्त और अपनी पसंद के मॉडल बुक कराने के लिए बड़ी संख्या में ऑटोमोबाइल पवेलियन पहुँच रहे हैं। आरटीओ संतोष मालवीय के अनुसार, जिस तरह से शुरुआत हुई है, उसे देखते हुए इस बार मेला पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा।









