शादी का प्रस्ताव देकर फ्रॉड करने वाले उज्जैन के इनामी बदमाश को पुलिस ने धार जिले के मनावर से पकड़ा

उज्जैन।पहले शादी का प्रस्ताव रखता, फिर बिजनेस के नाम पर लड़की/महिलाओं सें रुपए ऐंठता इसके बाद कैंसर का मरीज बताकर शादी से इनकार कर फरार होने वाले उज्जैन के इनामी बदमाश को पुलिस ने धार जिले के मनावर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने उज्जैन और भोपाल की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की है।

उज्जैन पुलिस ने एक ऐसे धोकबाज युवक को पकड़ा है, जो जीवनसाथी डॉट कॉम पर लड़कियों के सामने शादी का प्रपोजल रखता, बिजनेस के नाम पर उनसे पैसे ऐंठता और बाद में खुद को कैंसर पेशेंट बताकर शादी से इनकार कर देता। इस युवक के खिलाफ उज्जैन की टीचर और भोपाल की एक महिला ने एफआईआर दर्ज करा रखी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि पीडि़त/प्रभावित महिलाओं की संख्या और भी ज्यादा हो सकती है।
उज्जैन पुलिस ने 5 हजार का इनाम घोषित कर रखा था
उज्जैन की एक फरियादी महिला प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। उन्होंने 21 अप्रैल 2022 को उज्जैन के थाना जीवाजीगंज में केस कराया था। इसमें पुलिस को बताया आरोपी उमर से जान-पहचान जीवनसाथी के जरिए हुई थी। रिश्ता तय भी हो गया था। इसके बाद उमर ने दो-दो लाख रुपए और फिर किस्तों में 6 लाख रुपए बिजनेस के नाम पर लिए। इसी बीच वह उज्जैन में किराए का मकान लेकर रहने लगा। कुछ दिन बाद मकान दूसरी जगह शिफ्ट करने का बोलकर गायब हो गया। बाद में उसने खुद को कैंसर पेशेंट बताया और कहा वह शादी नहीं कर सकता।
उज्जैन पुलिस ने आरोपी उमर अहमद पुत्र अशफाक पर 30 अगस्त को 5 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। उसे मनावर से गिरफ्तार किया गया। वह मनावर के सिंघाना मार्ग पर घूमता मिला। आरोपी उमर मनावर के वार्ड-1 में राजानतलाई मार्ग बालीपुर रोड का रहने वाला है। इन दिनों इंदौर में श्रीनगर काकड़ में रह रहा था।









