सिंगर विशाल मिश्रा देंगे प्रस्तुति, गूंजेगा राम आएंगे…

विक्रमोत्सव… शिप्रा के तट पर नजर आएगा भक्ति, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विक्रमोत्सव के अंतर्गत 19 मार्च मोक्षदायिनी मां शिप्रा के तट रामघाट पर सृष्टि आरंभ दिवस-उज्जयिनी गौरव दिवस का आयोजन होगा। भक्ति, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम से सजे इस कार्यक्रम की शुरुआत महादेव नदी कथा नृत्य-नाट्य से शाम 7 बजे होगी। इसमें मां शिप्रा और भगवान शिव की महिमा का चित्रण किया जाएगा। इसके बाद बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर विशाल मिश्रा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
इसके लिए शिप्रा नदी पर रोशनी से जगमगाता भव्य मंच भी तैयार किया गया है। इसके अलावा ड्रोन शो, आतिशबाजी, विक्रम पंचांग २०८३, भारत निधि (मानोग्राफ), आर्ष भारत, ८४ महादेव एवं विक्रमांक (पत्रिका) जैसे महत्वपूर्ण प्रकाशनों का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। विशेष अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल एवं नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव रहेंगे।
बुधवार को विवि मार्ग स्थित महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेस में निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव २०२६ १२ फरवरी से ३० जून तक शोधपीठ एवं संस्कृति विभाग मप्र द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस साल उत्सव को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में १२ से १९ फरवरी तक विभिन्न सांस्कृति, धार्मिक, अकादमिक एवं शोधपरक गतिविधियां हुईं। साथ ही विक्रम व्यापार मेला एवं वन मेले के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन एवं नवाचारों को मंच दिया गया। वहीं गुरुवार को जल गंगा संवर्धन अभियान से दूसरा चरण शुरू होगा। इसके तहत जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं नदी पुनर्जीवन से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
अलंकरण के लिए 20 मई अंतिम तिथि
विक्रमोत्सव के तहत सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण 2026 के लिए मानदंड एवं सम्मान श्रेणियों की घोषणा की गई है। इसके तहत अंतर्राष्ट्रीय सम्मान के रूप में १ करोड़ १ लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर पर २१ लाख रुपए की सम्मान राशि के साथ राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसी तरह राज्य स्तर पर तीन शिखर सम्मान प्रदान किए जाएंगे जिनमें प्रत्येक के लिए पांच-पांच लाख रुपए की सम्मान राशि निर्धारित की गई है। इन अलंकरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि २० मई निर्धारित की गई है।
आज शाम 4 बजे से लागू होगा पुलिस का ट्रैफिक प्लान
इधर, सिंगर विशाल मिश्रा की प्रस्तुति में काफी तादाद में श्रोताओं के आने की संभावना के चलते पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है जो गुरुवार शाम ४ बजे से लागू होगा। इसके तहत किन मार्गों से लोग पार्किंग तक पहुंचेंगे, यह तय किया गया है। इसके अलावा पांच रास्तों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि एक मार्ग पर पैदल भी नहीं जा सकेंगे।
इन मार्गों से पहुंचेंगे और यहां रहेंगी पार्किंग
हरिफाटक चौराहा मार्ग- हरिफाटक चौराहा से डम्पिंग स्टेशन, जंतर-मंतर, लालपुल टी, मुरलीपुरा चौराहा और शंकराचार्य चौराहा होते हुए कार्तिक मेला ग्राउंड में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। यहां से श्रोता नदी के घाट से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
कर्कराज पार्किंग मार्ग- हरिफाटक चौराहा से डम्पिंग स्टेशन, जंतर-मंतर और लालपुल टर्निंग से होकर कर्कराज पार्किंग में वाहन पार्क होंगे। यहां से पैदल नृसिंह घाट और झालरिया मठ होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचा जा सकेगा।
जूना सोमवारिया मार्ग- इस ओर से आने वाले श्रोता चकतीर्थ से कालिदास उद्यान होते हुए कार्तिक मेला ग्राउंड में वाहन पार्क करेंगे और नदी के घाट के रास्ते कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
गुदरी मार्ग- गुदरी की ओर से आने वाले श्रोता रामानुजकोट के सामने राणोजी की छत्री एवं हरसिद्धि पाल पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
वीआईपी पार्किंग व्यवस्था
जोन क्रमांक 1- पासधारी श्रोता हरिफाटक या जूना सोमवारिया मार्ग से शंकराचार्य चौराहा होते हुए कार्तिक मेला ग्राउंड में वाहन पार्क करेंगे और सिंहस्थ द्वार से दत्त अखाड़ा होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
जोन क्रमांक 2- पासधारी श्रोता उजडख़ेड़ा चौराहा से भूखी माता मंदिर होते हुए गुरुद्वारा टर्निंग से प्रवेश करेंगे। वाहन गुरुद्वारा पार्किंग में पार्क कर उसके बगल वाले मार्ग से कार्यक्रम स्थल जा सकेंगे।
इन वाहनों पर प्रवेश प्रतिबंधित: यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 19 मार्च को शाम 4 बजे पांच मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इसमें कर्कराज पार्किंग से नृसिंह घाट की ओर, गुरुद्वारा टर्निंग से शंकराचार्य चौराहा की ओर, शंकराचार्य चौराहा से दत्त अखाड़ा की ओर, चक्रतीर्थ से बिलोटीपुरा-दानीगेट की ओर, नृसिंह घाट चौराहा से गुरुद्वारा की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा गुरुद्वारा टर्निंग से दत्त अखाड़ा की ओर पैदल जाने को भी एंट्री नहीं मिलेगी।









