सुबह रंगपंचमी खेली, शाम को मनी दिवाली

टॉवर पर हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचे फैंस, जमकर आतिशबाजी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार को हुए टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड टीम को हराकर लगातार दूसरी बार विश्व विजेता का खिताब जीता। जैसे-जैसे हमारी टीम जीत की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे शहर में दिवाली मनना शुरू हो गई। शहरवासियों ने घरों से बाहर निकलकर पटाखे फोडऩा शुरू कर दिए। जीत दर्ज होते ही फैंस घरों से निकले और हाथों में तिरंगा लहराते हुए टॉवर पहुंच गए। देखते ही देखते टॉवर के चारों ओर क्रिकेट प्रेमियों की जबर्दस्त भीड़ जमा हो गई।
भारत माता की जय के नारों के साथ फैंस ने टॉवर पर ही रंगपंचमी के दिन दिवाली सेलिब्रेट की। क्या बच्चे-क्या बड़े, सभी ने एक साथ मिलकर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया। इसमें युवतियां एवं महिलाएं भी शामिल रहीं। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से माधवनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। देर रात तक फैंस आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाते रहे।
सेल्फी और वीडियो बनाए
भारतीय टीम के बैक टू बैक टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के सुनहरे पलों को अधिकांश फैंस ने अपने मोबाइल में कैप्चर किया। किसी ने जश्न मनाते हुए सेल्फी तो किसी ने हाथों में तिरंगा थामे वीडियो बनाया। इसके बाद इसे ना सिर्फ अपनों के साथ शेयर किया बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स पर भी अपलोड किया।









