सुरक्षा सर्वोपरि… ईद के चलते पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
हिदायत दी – किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दें, संदिग्ध गतिविधि की सूचना हमें दें

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ईद पर्व को शांति, सौहार्द्र और सुरक्षित संपन्न करवाने के लिए शुक्रवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बलवा ड्रील की गई और चिह्नित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। इसका उद्देश्य कानून व्यवस्था की किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी एवं त्वरित तरीके से निपटना तथा आम लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना था।
दरअसल,जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। पुलिस फोर्स ने पूर्ण दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ मॉकड्रिल की। भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति में नियंत्रण और क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई की प्रैक्टिस की गई। इस दौरान फोर्स ने त्वरित तैनाती एवं समन्वय का प्रदर्शन किया गया। इसमें वायरलैस एवं अन्य संचार साधनों का भी इस्तेमाल किया गया। बलवा ड्रिल एवं फ्लैग मार्च में वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी थाना प्रभारियों एवं जवानों ने भाग लिया।
सोशल मीडिया पर गलत जानकारी ना दें, भाईचारे से पर्व मनाएं
उज्जैन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आगामी त्यौहार को भाईचारे, सौहाद्र्र एवं शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित ना करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल ११२ पर दें।









