Advertisement

स्टोन क्लैडिंग के साथ लुभाने वाली होगी थ्री डी नक्काशी

फेसिलिटी सेंटर पर हेरिटेज लुक के साथ आधुनिक सुविधाओं का संगम

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा को विस्तार देने के लिए बड़ा गणेश मंदिर के पास निर्माणाधीन तीसरे जनसुविधा केंद्र (फेसिलिटी सेंटर 3) को अब भव्य स्थापत्य स्वरूप देने की तैयारी है। करीब 21 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस भवन का सिविल काम अंतिम दौर में है। अब यूडीए का फोकस इसके सौंदर्यीकरण और विद्युतीकरण पर है। परियोजना के मुताबिक भवन के बाहरी और आंतरिक हिस्सों को भव्य रूप देने के लिए 4.23 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

इस राशि से स्टोन क्लैडिंग और थ्री डी नक्काशी का काम होगा। राजस्थान के बंशी पहाड़ के लाल पत्थरों से दीवारों और स्तंभों पर जालीनुमा शिल्प और उभरी हुई कलाकृतियां बनाई जाएंगी जिससे भवन महाकाल लोक की स्थापत्य परंपरा से सामंजस्य स्थापित कर सके। रात में इसकी जगमगाहट के लिए अत्याधुनिक फेकेड लाइटिंग की जाएगी, जबकि शीर्ष भाग पर पारंपरिक शिखर और कांस्य कलश की स्थापना की जाएगी। फेकेड लाइटिंग का उपयोग रात में संरचना को आकर्षक बनाने, वास्तुशिल्प विवरणों को उभारने और सुरक्षा प्रदान करने के लिए किया जाता है।

Advertisement

क्राउड का दबाव होगा कम
यह जनसुविधा केंद्र रूद्रसागर और हरसिद्धि क्षेत्र से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य प्रवेश एवं एग्जिट के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां वातानुकूलित फूड कोर्ट, प्रतीक्षालय, लड्डू प्रसाद काउंटर, टिकट व्यवस्था, जूता स्टैंड और आधुनिक सुविधाघर एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। इससे मुख्य मंदिर के द्वार पर भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन व्यवस्था और अधिक आसान होगी।

तय समयसीमा से पीछे प्रोजेक्ट

Advertisement

इसका निर्माण कार्य जुलाई 2024में शुरू हुआ था। तकनीकी कारणों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के चलते परियोजना करीब आठ माह पीछे चल रही है। वर्तमान में फिनिशिंग और बिजली संबंधी कामों को तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इस जनसुविधा केंद्र को दर्शनार्थियों के लिए जल्द खोला जा सके।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देगा

महाकाल महालोक परिसर के समीप बन रहा यह केंद्र मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देगा। प्रशासन का मानना है कि नया केंद्र शुरू होने से दर्शनार्थियों का दबाव भी बंट जाएगा, प्रतीक्षा समय कम होगा और दर्शन प्रक्रिया और अधिक सरल एवं आरामदायक बनेगी। यह भवन केवल सुविधा केंद्र नहीं बल्कि महाकाल क्षेत्र की समग्र वास्तु योजना का अभिन्न हिस्सा बनकर उभरेगा।

एक नजर में महत्वपूर्ण तथ्य

 द लागत संरचना- मुख्य भवन निर्माण की लागत २१ करोड़, जबकि स्टोन क्लैडिंग, थ्री डी नक्काशी और फेकेड लाइटिंग पर ४.२३ करोड़ रुपए अतिरिक्त व्यय।

डिजाइन एजेंसी- नाइन स्क्वायर्स आर्किटेक्ट्स द्वारा हेरिटेज लुक पर आधारित आर्किटेक्चरल प्लान

क्षमता- बड़ा गणेश मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के दबाव को संभालने के लिए विशेष रूप से डिजाइन।

Related Articles

Write a review