हेलमेट न पहनने वाले 1840 वाहन चालकों पर गिरी गाज

सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस का ‘कहर’… दिनभर चला सघन चैकिंग अभियान

प्रमुख चौराहों पर घेराबंदी… रडार पर रहे लापरवाह चालक
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस इन दिनों फुल एक्शन मोड में है। शहर के प्रमुख चौराहों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक विशाल अभियान चलाया गया। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई में देर रात तक पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 1840 चालकों के चालान काटकर जुर्माना वसूला।
ट्रैफिक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के उन हिस्सों को निशाना बनाया जहां वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है। अभियान के दौरान पलासिया, विजय नगर, महू नाका, चाणक्यपुरी और भंवरकुआं जैसे प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने न केवल चालान काटे, बल्कि लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर लोगों को यह भी समझाया कि यह कार्रवाई दंड देने के लिए नहीं, बल्कि उनकी जान बचाने के लिए है।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान होने वाली मौतों के आंकड़ों में कमी लाना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश सड़क हादसों में सिर की गंभीर चोट जानलेवा साबित होती है, जिसे हेलमेट पहनकर टाला जा सकता है। आमजन में सुरक्षा की भावना जगाने और ट्रैफिक नियमों के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराने के लिए यह मुहिम छेड़ी गई है। इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह सख्ती और बढ़ेगी। बिना हेलमेट के साथ-साथ रोंग साइड ड्राइविंग और सिग्नल जंप करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। शहर को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यह ‘क्लीन ट्रैफिक अभियानÓ निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस की अपील: हेलमेट बोझ नहीं, कवच है
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना केवल चालान से बचने का तरीका नहीं है, बल्कि यह आपके परिवार की खुशियों की गारंटी है। ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से पुरजोर अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनें।









