होली से पहले फ्लैग मार्च में पुलिसकर्मियों की कदमताल

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कप्तान ने संभाली कमान

उज्जैन। होली-रंगपंचमी के मद्देनजर पुलिस ने रविवार शाम विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर कदमताल किया। बड़ी तादाद में पुलिस को सड़कों पर देख लोग भी ठिठक गए। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत कर कानून व्यवस्था बनाए रखना है। एसपी प्रदीप शर्मा ने खुद माधवनगर और नानाखेड़ा क्षेत्र से निकाले फ्लैग मार्च का नेतृत्व करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। इस दौरान सीएसपी श्वेता गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
महाकाल क्षेत्र में फ्लैग मार्च का नेतृत्व डीएसपी भारत सिंह यादव एवं ट्रैफिक डीएसपी विक्रम सिंह कनपुरिया ने किया। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल मार्च करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया और लोगों से बातचीत की। मार्च में भारी पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वॉड और आरएएफ के जवान भी शामिल रहे।
मुख्य मार्गों एवं प्रमुख चौराहों से होते हुए निकाले गए इस मार्च के माध्यम से असामाजिक तत्वों को संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने त्यौहारों को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।









