13 की शाम तक मुख्यमंत्री डॉ. यादव के शहर आने की संभावना

सीएम 14 को सिंहस्थ तैयारी की लेंगे बैठक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन की डीपीआर मंजूरी पर भी होगा फैसला
अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव 14 जनवरी को शहर में बड़ी बैठक लेंगे। इसमें विभिन्न प्रस्तावों पर फैसले लिए जाएंगे। प्रशासन ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। सीएम 13 जनवरी की शाम तक शहर आ सकते हैं। इंदौर और उज्जैन फोरलेन को सिक्स लेन की डीपीआर को मंजूरी पर भी निर्णय संभावित है।
सिंहस्थ की तैयारी को सरकार ने अपनी प्राथमिकता में शामिल कर लिया है। 14 जनवरी से योजनाओं पर काम शुरू ही सकता है। सीएम डॉ. यादव वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकर योजनाओं पर चर्चा करेंगे। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। विभागों द्वारा अभी योजनाओं के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। उज्जैन और इंदौर फोरलेन को सिक्स लेन में बदलने की डीपीआर भी पेश की जा सकती है।
एमपीआरडीसी द्वारा 900 करोड़ रुपयों से अधिक की योजना तैयार की जा चुकी है। इसे अभी सिक्स लेन बनाने की योजना है। आने वाले सिंहस्थ के मद्देनजर इसे 8 लेन करने का भी प्रस्ताव है। सीएम की उपस्थिति में इस पर फैसला होगा। बुधवार को कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों की मीटिंग कर योजनाओं के प्रारंभिक प्रस्ताव लिए हैं। जल्द ही प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेगा। कलेक्टर ने सभीं अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे नई योजनाएं जुड़वा लें।
हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण पर निर्णय संभव
हरिफाटक ओवरब्रिज चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर इस बार निर्णय हो सकता है। सीएम की उपस्थिति में इस प्रस्ताव पर मंथन किया जाएगा। इंदौर से उज्जैन तक फोरलेन के बाद सिक्स लेन करने की तैयारी हो रही है। इस कारण ब्रिज का चौड़ीकरण जरूरी माना जा रहा है। गदापुलिया अंडरपास को लेकर भी योजना अभी तक अधर में है। जयसिंहपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भी मंजूर होने की संभावना है।
रोप वे और एलिवेटेड पाथ वे पर भी होगा फैसला
महाकाल मंदिर तक जाने के लिए 3 बड़ी योजनाएं हैं। केंद्र सरकार की योजना के तहत रोप वे का नया टेंडर मंजूर हो चुका है, लेकिन रेलवे की अनापत्ति नहीं मिल सकी है। नानाखेड़ा बस स्टैंड और इंदौर गेट रेलवे स्टेशन से सीधे ‘श्री महाकाल महालोक’ आने-जाने के लिए ‘एलिवेटेड कारिडोर’ बनाने का निर्णय लिया है। ये रास्ते जमीन से लगभग 15 मीटर ऊंचाई पर बनेंगे। निगम ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रस्तावित बजट में 60 करोड़ रुपये का मद रखा है। रोप वे के कारण इस योजना को ठंडे बस्ते में डालने की भी संभावना है।
सांदिपनी आश्रम का होगा विकास : महर्षि सांदिपनी आश्रम का सिंहस्थ से पहले विकास किया जाएगा। आश्रम के पास गुरुकुल स्थापित करने की योजना पर भी विचार चल रहा है। सीएम डॉ. यादव ने पतंजलि संस्थान के प्रमुख योगगुरु बाबा रामदेव को एमपी में गुरुकुल स्थापित करने का आमंत्रण भी दिया है। आश्रम के सामने से नई रोड सीधे आगर रोड को जोडऩे के लिए प्रस्तावित है।










