बिना अनुमति वाल्व खोलकर ले रहे थे पीने का पानी
1316141 रुपए के चार बिल जेल प्रशासन को थमाए
अक्षरविश्व.उज्जैन:बिना बिल दिए पानी कोई और भरे तो बात अलग, लेकिन अगर लोगों को सुधारने वाली केंद्रीय जेल में ही बिना अनुमति के पानी लिया जाए तो बात चौंकाने वाली हो जाती है। पीएचई ने जेल प्रशासन को 13 लाख रुपए से ज्यादा राशि के चार बिल थमाए हैं, क्योंकि वहां बिना अनुमति के पानी लिया जा रहा था।
पीएचई की टीम ने कुछ दिन पहले भैरवगढ़ में पानी की समस्याओं की पड़ताल की तो यह चौंकाने वाला मामला सामने आया।
जल कार्य समिति प्रभारी शिवेंद्र तिवारी, अपर आयुक्त आरएस मंडलोई, सहायक आयुक्त नीता जैन, कार्यपालन यंत्री मनोज खरात, सहायक यंत्री एसके लाड आदि ने जेल में पेयजल की स्थिति देखी तो पता चला था कि जेल में वाल्व खोलकर पानी लिया जा रहा था।
इसके लिए अनुमति भी नहीं ली गई। इस कारण जेल अधीक्षक को 13 लाख 16 हजार और 141 रुपए की कुल राशि के चार बिल थमाए हैं। कार्यपालन यंत्री मनोज खरात ने कहा जेल अधीक्षक को बिल जारी कर दिए गए हैं।
इस तरह बना
13 लाख रु. से अधिक का बिल
1. उपभोक्ता क्रमांक 55406 बिल पर 7 लाख 35 हजार 54 रुपए का बिल।
2. उपभोक्ता क्रमांक 31964 बिल पर 4 लाख 99 हजार 950 रुपए का बिल।
3. उपभोक्ता क्रमांक 31965 बिल पर 55 हजार 935 रुपए का बिल।
4. उपभोक्ता क्रमांक 31966 बिल पर 25 हजार 202 रुपए का बिल।