वंदे भारत ट्रेन का इंतजार, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आठ कोच का रैक संचालित किया जाएगा
140 मिनट में उज्जैन से भोपाल का सफर होगा आसान
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:पूर्णत: भारतीय एवं भारत की पहली सेल्फ प्रोपेल्ड ट्रेन वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर व्यापक तैयारी हो रही है। इंतजार है 27 जून का। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस ट्रेन में उज्जैन से भोपाल का सफर 140 मिनट यानि 2 घंटे 20 मिनट में होगा।
वंदे भारत ट्रेन 3 घंटे 5 मिनट में इंदौर से भोपाल और भोपाल से इंदौर पहुंचेगी। इंदौर-भोपाल के बीच यह सबसे फास्ट ट्रेन रहेगी। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का समय और टाइम टेबल जारी कर दिया है। यह ट्रेन इंदौर से सुबह 6.30 बजे रवाना होगी। भोपाल सुबह 9.35 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन शाम 7.25 बजे भोपाल से रवाना होकर रात 10.30 बजे इंदौर आएगी। ट्रेन रविवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलेगी। ट्रेन इंदौर-भोपाल के बीच सिर्फ उज्जैन में 5 मिनट के लिए रुकेगी।
एक दिन में दोनों ओर की यात्रा
वंदे भारत ट्रेन एक सेमी हाई स्पीड सेल्फ प्रोपेल्ड ट्रेन है जो उन दो महत्वपूर्ण शहरों के मध्य परिचालित की जा रही है जिसके एक दिन के भीतर ही दोनों ओर की यात्रा पूरी की जा सकती है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंड़ल के पीआरओ खेमराज मीणा ने बताया इंदौर-भोपाल-इंदौर वंदे भारत का परिचालन 8 कोच से किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 20911 इंदौर भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को छोड़कर सप्ताह में छ: दिन इंदौर से 06.30 बजे चलकर उज्जैन (07.15/07.20) होते हुए 09.35 बजे भोपाल पहुँचेगी। इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 20912 भोपाल इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को छोड़कर सप्ताह में छ: दिन भोपाल से 19.25 बजे चलकर उज्जैन (09.30/09.35 बजे) होते हुए 10.30 बजे इंदौर पहुंचेगी।
भोपाल इंटरसिटी से पांच मिनट पहले चलेगी
इंदौर से वंदे भारत ट्रेन सुबह 6.30 बजे, जबकि इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 6.35 बजे रवाना होगी। वंदे भारत एक्सप्रेस इंटरसिटी ट्रेन के 5 मिनट पहले रवाना होगी। 5 मिनट के अंतराल में दो ट्रेनें भोपाल के लिए रहेंगी। इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 10.55 बजे भोपाल पहुंचेगी। इंदौर-भोपाल के बीच का सफर महज 3.05 घंटे में तय होगा।
चेयर कार या एक्जीक्यूटिव चेयर कार
रेलवे द्वारा संचालित की जा रही वंदे भारत ट्रेन को कई सारी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है जो यात्रा को और अधिक आनंददायक बनाती है। वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार होने पर, यात्रियों के पास बैठने की व्यवस्था के तहत चेयर कार या एक्जीक्यूटिव चेयर कार का विकल्प होता है, जिसमें आरामदायक और 360 डिग्री घुमने वाली सीटें होती है। ट्रेन में ऑनबोर्ड स्वच्छ एवं पौष्टिक खान-पान की सुविधा उपलब्ध है। सभी डिब्बों में बड़ी-बड़ी पारदर्शी खिड़कियां है।
सेमी हाई स्पीड ट्रेन
भारत की सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत जो अपनी खुबियों के साथ गति के लिए जानी जाती है, रतलाम मंडल के इंदौर से भोपाल के मध्य परिचालित की जाएगी।भारतीय रेलवे द्वारा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए वंदे भारत ट्रेन का निर्माण किया गया है। यह पूर्णत: भारतीय एवं भारत की पहली सेल्फ प्रोपेल्ड ट्रेन है।