उज्जैन सहित 25 जिलाध्यक्षों को बदला जा सकता है…!

भाजपा में संगठन चुनाव की कवायद शुुरू
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आम चुनाव से निवृत्त होने के बाद भाजपा संगठन चुनाव के लिए जुट गई है। पार्टी में संगठन चुनाव की कवायद शुरू हो रही है। दिल्ली में भाजपा की अहम बैठक होगी। इसके बाद सदस्यता अभियान का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट होने लगी है।
माना जा रहा है कि उज्जैन सहित 25 जिलाध्यक्षों बदला जा सकता है। भाजपा संगठन में सदस्यता अभियान, बूथ समिति, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर के चुनाव के चुनाव का कार्यक्रम तय करने के साथ प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष पर भी मंथन किया जाएगा। मप्र में वीडी शर्मा की जगह नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होना है। सूत्र के मुताबिक भाजपा उज्जैन सहित प्रदेश के 25 जिलाध्यक्षों को बदल सकती है। इनमें अधिकांश जिलाध्यक्ष को पद पर रहते 4 से 5 साल से अधिक का समय हो गया है। भाजपा नए युवा चेहरों को मौका दें सकती है।
भाजपा में कई अध्यक्ष को पद पर रहते 5 साल से अधिक का समय हो गया है। इनमें उज्जैन से विवेक जोशी, विदिशा से राकेश जादौन, नरसिंहपुर से अभिलाष मिश्रा, सीहोर से रवि मालवीय, खरगोन से राजेन्द्र राठौड़, श्योपुर से सुरेन्द्र जाट, खंडवा से सेवादास पटेल, दतिया से सुरेन्द्र बुधोलिया, मुरैना से योगेश गुप्ता, मंडला से भीष्म द्विवेदी और शिवपुरी से रवि बाथम है। वही 4 साल से अधिक का कार्यकाल पूरा करने वालों में मंदसौर से नानालाल आठोलिया, शहडोल से कमल प्रताप सिंह, नीमच से पवन पाटीदार, देवास से राजीव खंडेलवाल, टीकमगढ़ से अमित नना, नर्मदापुरम से माधव अग्रवाल, सागर से गौरव सिरोठिया, सिवनी से आलोक दुबे और उमरिया से दिलीप पांडे शामिल है।









