3.8 करोड़ से निखरा इंदिरा नगर का प्राचीन गंधर्व तालाब

क्षेत्रवासियों को अब लोकार्पण का इंतजार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के जल स्रोतों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में नगर निगम ने प्राचीन गंदर्भ तालाब की दशा बदल दी है। इंदिरा नगर आगर रोड स्थित ऐतिहासिक गंधर्व तालाब का कायाकल्प अंतिम चरण में है। लगभग 3.8 करोड़ रुपये की लागत से हुए इस जीर्णोद्धार कार्य के बाद गंधर्व तालाब अब एक पर्यटन स्थल के रूप में नजर आने लगा है। क्षेत्रवासियों को अब इसके लोकार्पण का इंतजार है।
महापौर मुकेश टटवाल ने पार्षद दिलीप परमार के साथ तालाब परिसर का दौरा किया और शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर लोकार्पण की तैयारी के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि स्टोन पीचिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्णता की ओर है। बहुत जल्द शहरवासियों को यह प्राचीन धरोहर नए और आधुनिक स्वरूप में सौंपी जाएगी। इस दौरान एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, पार्षद पंकज चौधरी सहित निगम के तकनीकी अधिकारी भी साथ थे।
डबल घाट और 450 मीटर लंबा वॉकिंग पाथवे बना आकर्षण
तालाब में पानी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए सीढिय़ों के साथ डबल घाट बनाए गए हैं, ताकि जलस्तर ऊपर आने पर भी श्रद्धालु और नागरिक घाटों का सुरक्षित उपयोग कर सकें।
वॉकिंग पाथवे और ग्रीनरी- मॉर्निंग वॉक करने वालों के लिए 450 मीटर लंबा पाथवे तैयार किया गया है। साथ ही तालाब के चारों ओर हरियाली हेतु विशेष ग्रीनरी विकसित की गई है।
सुरक्षा और सौंदर्य- परिसर में सुरक्षा हेतु बाउंड्रीवॉल और मुख्य द्वार पर मजबूत ग्रिल लगाई गई है। रात के समय तालाब की सुंदरता निखारने के लिए बिजली के आकर्षक पोल, फाउंटेन (फव्वारे) और बैठने के लिए गजजीबो बनाए गए हैं।









