3 हजार से अधिक त्यागपत्र का दावा, एक ने निर्दलीय मैदान में आने का किया ऐलान

नागदा-खाचरौद में भाजपा प्रत्याशी का विरोध जारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैनभारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव को लेकर 39 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट के बाद नागदा-खाचरौद से तय उम्मीदवार का विरोध तेज हो गया है। भाजपा के नागदा ग्रामीण और खाचरौद नगर-ग्रामीण मंडल के अध्यक्षों ने दावा किया है कि भाजपा के तीन हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिए है। इसमेंं संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ पार्षद,पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल है। इसके अलावा नागदा के एक भाजपा नेता लोकेंद्र मेहता ने बगावत कर निर्दलीय लडऩे तक का ऐलान कर दिया है।

उज्जैन जिले की नागदा-खाचरौद सीट से डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान को टिकट दिया गया है। तेज बहादुर सिंह उज्जैन जिला भाजपा ग्रामीण के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। नागदा नगर पालिका से पार्षद भी रहे। सत्यनारायण जटिया के करीबी माने जाते हैं। पार्टी ने उन्हें पहली बार मौका दिया है।

पार्टी के इस निर्णय का नागदा-खाचरौद में भारी विरोध सामने आया है। अजयसिंह पंवार, मण्डल अध्यक्ष खाचरौद,दिनेश जाट मण्डल अध्यक्ष नागदा ग्रामीण,चेतन शर्मा, मण्डल अध्यक्ष खाचरौद नगर साहिल शर्मा मण्डल महामंत्री नागदा नगर, सुभाष शर्मा नगर पालिका नागदा उपाध्यक्ष बद्रीलाल संगीतला पार्षद दल नेता खाचरौद ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव के नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र से दिलीपसिंह शेखावत को उम्मीदवार नहीं बनाने पर भारतीय जनता पार्टी के 3000 से अधिक दायित्ववान सक्रिय कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिये है।

इसमें विधानसभा के मण्डल अध्यक्ष, खाचरौद शहर, खाचरौद ग्रामीण, नागदा ग्रामीण के मण्डल अध्यक्ष के साथ सम्पूर्ण कार्यकारिणी एवं समस्त मोर्चा प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी के 600 पदाधिकारी एवं नागदा मण्डल कार्यकारिणी, मोर्चा प्रकोष्ठ के 100 पदाधिकारी, नागदा नगर पालिका परिषद के 17 पार्षद,19 पूर्व पार्षद, खाचरौद नगर पालिका के 9 पार्षद,8 पूर्व पार्षद,2 जिला पंचायत सदस्य, 9 जनपद पंचायत सदस्य, 41 सरपंच, 492 संगठन त्रिदेव के अन्तर्गत अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए 2, 167 शक्ति केन्द्रों के पंच परमेश्वर, एक जिला पदाधिकारी ने अपनी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए केन्द्रीय नेतृत्व से मांग की है कि नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र में घोषित प्रत्याशी के नाम पर पुनर्विचार कर पार्टी के हित में निर्णय लिया जाए।

शेखावत के घर समर्थकों का जमावड़ा
नागदा-खाचरौद से भाजपा के प्रमुख दावेदार और पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत को टिकट नहीं मिलने पर बड़ी संख्या समर्थक उनके घर पर जमा हो गए और जमकर नारेबाजी है। समर्थकों का नारा था ‘मत पड़ो चक्कर में,कोई नहीं है टक्कर में।’ समर्थक पूरे दिन जमा रहे और नारेबाजी करते रहे।

निर्दलीय प्रत्याशी का पोस्टर सोशल मीडिया पर
ओबीसी मोर्चा के कार्यकारी सदस्य लोकेंद्र मेहता ने अपने पद और भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देते हुए नागदा-खाचरौद से निर्दलीय मैदान में उतरने का ऐलान किया है। इस बात की सूचना पार्टी पदाधिकारियों को भी दी है। मेहता का कहना है कि वे विधि प्रकोष्ठ में पूर्व जिला संयोजक रहने के साथ पार्टी में 30 साल से सक्रिय सदस्य हैं। आरएसएस से भी जुड़े हैं। कई दिन से टिकट की मांग भी कर रहे थे। मेहता ने निर्दलीय प्रत्याशी का पोस्टर बनवाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है।

टिकट देने का निर्णय केंद्रीय समिति ने किया है। इसमें विरोध जैसी कोई बाद नहीं है। पार्टी एक परिवार है। परिवार में सहमति-असहमति सामने आती है। अभी तक किसी का कोई इस्तीफा नहीं मिला है। कार्यकर्ताओं को समझाया भी जाएगा और उनकी भावना से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। –बहादुरसिंह बोरमुण्डला भाजपा उज्जैन जिला अध्यक्ष ग्रामीण।

कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर कहा कि पार्टी सर्वोपरि है। कार्यकर्ता आवेश में आकर अशोभनीय भाषा व्यवहार नहीं करें। संयमित रहे। पार्टी ही सब कुछ है। कार्यकर्ता इस्तीफा देने की बजाए अपने भाव उचित मंच पर बताएं।– दिलीपसिंह शेखावत, पूर्व विधायक

कार्यकर्ताओं में तात्कालिक प्रतिक्रिया है। विरोध-नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। इसके लिए पदाधिकारियों द्वारा चर्चा की जाएगी। सभी एक साथ मिलकर ही आगामी चुनाव में भाजपा को विजय बनाएंगे।- डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, भाजपा उम्मीदवार।

Related Articles

close