30 ट्र्रेनों की प्लेटफॉर्म शिफ्टिंग से विकसित होगा माधवनगर रेलवे स्टेशन

अब नए शहर के यात्रियों को मिलेगी सहूलियत

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म व्यवस्था में बड़ा बदलाव कल से होगा लागू
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मंगलवार से उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलाव का असर माधवनगर रेलवे स्टेशन के विकास पर पड़ेगा। अमूमन खाली रहने वाला फ्रीगंज तरफ के इस हिस्से में यात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी और रेलवे की दृष्टि से यह तेजी से विकसित होगा। प्लेटफॉर्म 1 पर भी दबाव कम होगा।
दरअसल अभी तक महानगरों से आने-जाने वाली ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लिया जाता था। यह प्लेटफॉर्म रेलवे स्टेशन के मुख्य भाग में आता है और इस कारण इस पर चहल-पहल भी काफी रहती है। 1992 में तैयार किए फ्रीगंज तरफ वाले माधवनगर रेलवे स्टेशन का उपयोग ट्रेनों की आवाजाही के हिसाब से अब तक शून्य था, क्योंकि इस तरफ के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 कनेक्ट नहीं थे।
अब यार्ड रिमॉडलिंग के कारण यह प्लेटफॉर्म भी दोनों दिशाओं में कनेक्ट हो गए हैं और ऐसे में इनका उपयोग अब पूरी तरह शुरू होने जा रहा है। मंगलवार से कई महत्वपूर्ण ट्रेने प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बजाय 8 पर आएंगी। इस बदलाव से पुराने शहर में आने वाले देवासगेट क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव तो कम होगा ही, फ्रीगंज तरफ वाले प्लेटफॉर्म नंबर 8 की उपयोगिता भी बढ़ेगी। सिंहस्थ के पहले रेलवे का यह बदलाव क्राउड मैनेजमेंट की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इन प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव
रेलवे सूची के अनुसार कई सुपरफास्ट ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं। इंदौर-मुंबई सेंट्रल अवंतिका सुपरफास्ट अब प्लेटफॉर्म 1 के बजाय 8 पर आएगी। इसी तरह गांधीधाम-इंदौर सुपरफास्ट प्लेटफॉर्म 1 के बजाय 5, इंदौर-दौंड सुपरफास्ट प्लेटफॉर्म 4 की जगह 8 पर शिफ्ट होगी। इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म 6 की जगह 1 से संचालित होगी। बरेली-इंदौर और इंदौर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें प्लेटफॉर्म 8 से आएंगी-जाएंगी।
पैसेंजर और मेमू ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदले
पैसेंजर ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी व्यापक फेरबदल हुआ है। उज्जैन-इंदौर और उज्जैन-रतलाम की मेमू ट्रेनें अब प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 और 2 से संचालित होंगी। भोपाल- चित्तौडग़ढ़ से आने वाली ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी परिवर्तन किया गया है ताकि स्टेशन के मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़भाड़ नियंत्रित हो और और यात्रियों का आवागमन आसान हो।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को मिलेगी बड़ी राहत
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस बदलाव का प्राथमिक उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों के सफर को आसान और सुगम बनाना है।









