32 अधिकारियों को एक साथ नोटिस मिलने से हलचल
निगम के तीन भवन अफसरों और स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:नगर निगम के 32 अधिकारियों को एक साथ नोटिस जारी कर तीन दिन में सीएम हेल्पलाइन पर पेंडिंग शिकायतों का निराकरण करने की डेडलाइन से निगम में हलचल मच गई है। तीन भवन अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य अधिकारी को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का निराकरण नहीं हो पाने से ग्रेडिंग में निगम पिछड़ रहा है। सीएम हेल्पलाइन के सहायक आयुक्त ने मंगलवार शाम 32 अधिकारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन की मोहलत दी है है। इस समयावधि में निराकरण नहीं होने पर प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बुधवार को निगम के कर्मचारियों में शिकायतों के निराकरण की दौड़ धूप भी दिखाई दी।
बड़ी संख्या में है शिकायतें पेंडिंग- भवन अधिकारी साहिल मैदावाला, विधु कौरव और अभिलाषा चौरसिया को नोटिस दिए गए हैं। कौरव के पास 37 शिकायतें पेंडिंग हैं जबकि चौरसिया के पास 21 और मैदावाला के पास 22। स्वास्थ्य अधिकारी संजय कुलश्रेष्ठ के पास 66 शिकायतें पेंडिग हैं। कार्यालय प्रमुख कमलेश चावरे के पास सिर्फ 5 शिकायतें हैं। लेखापाल अभिलाष नागर के पास चार शिकायतें हैं। जोनल अधिकारी राजकुमार राठौर के पास केवल दो शिकायतें पेंडिंग हैं। उनको भी नोटिस थमाया गया है। कार्यालय प्रभारी तुलसी राजवानी के पास भी चार शिकायतें हैं।
इनको भी थमाए नोटिस
कार्यपालन यंत्री अनिल जैन और जगदीशचंद्र मालवीय, जोनल अधिकारी मनोज राजवानी, सहायक यंत्री कमलकांत सक्सेना, राजीव शुक्ला, एसके लाड, जितेंद्रपाल सिंह चौहान, अनुषिता जैन, उपयंत्री गायत्री प्रसाद डेहरिया, मुकुल मेश्राम, आनंद भंडारी, आदित्य शर्मा, मोहित मिश्रा, जोशना उबनावे, संगीता पंवार आदि को भी नोटिस थमाए गए हैं।