सिंहस्थ के लिए शिप्रा पर बनेंगे 4 नए ब्रिज

श्रद्धालुओं को नदी पार करना होगा आसान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दुर्गादास छत्री के सामने भी बनेगा ब्रिज, सर्वे शुरू
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 में इस बार शिप्रा नदी पार करना आसान होगा। प्रदेश सरकार ने चार नए ब्रिज बनाने का रास्ता साफ कर दिया है। दुर्गादास छत्री के सामने भी फोरलेन ब्रिज बनेगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग सेतु ने सर्वे शुरू कर दिया है। जल्द ही डीपीआर तैयार कर टेंडर लगाने की प्रक्रिया की जाएगी।
सिंहस्थ में इस बार देश और विदेश से 14 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के उज्जैन आने की संभावना है। रामघाट क्षेत्र में स्नान करने वाले दर्शनार्थियों की संख्या अधिक रहेगी। इस कारण मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने शिप्रा नदी को आर पार करने पर फोकस किया है। सरकार ने हाल ही सिंहस्थ योजना के तहत केडी गेट से गोनसा गांव को जोडऩे के लिए फोरलेन रोड मंजूर किया है। इसके अंतर्गत शिप्रा नदी पर ब्रिज भी बनाया जाएगा।
यह नया ब्रिज वीर दुर्गादास की छत्री के सामने से शुरू होगा और गोनसा गांव तक जुड़ेगा। ब्रिज का काम लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। विभाग ने ब्रिज निर्माण के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। ब्रिज बनने से शिप्रा नदी के आरपार जाने वालों को मदद मिलेगी। पर्व और शाही स्नान के दौरान शिप्रा के घाटों पर भीड़ अधिक बढऩे से नदी पार जाने या आने में श्रद्धालुओं को परेशानी आती है। इस ब्रिज के बनने से लोग सीधे गोनसा गांव पहुंच सकेंगे। इससे मेला क्षेत्र में आना जाना आसान होगा। सिंहस्थ के दौरान भीड़ अधिक होने से शिप्रा नदी के आसपास के रास्ते जाम हो जाते हैं। ब्रिज बनने से जाम के हालात भी नहीं बनेंगे।
यहां बनेंगे नए ब्रिज
केडी गेट से गोनसा तक बनने वाले फोरलेन रोड पर ब्रिज बनेगा।
लालपुल से मुरलीपुरा तक फोरलेन रोड के तहत दो ब्रिज बनेंगे।
गऊघाट पाले से शिप्रा नदी पर ब्रिज बनेगा।
अभी यहां हैं पुल
बड़ा पुल केडी गेट से बडऩगर रोड
छोटा पुल शिप्रा नदी पर पुराने समय का बना है।
रामघाट से दत्तअखाड़ा के बीच रपट
नृसिंहघाट से भूखीमाता मंदिर तक ब्रिज।
ऋणमुक्तेश्वर से रणजीत हनुमान मंदिर तक ब्रिज।