40 पर पारा, सिर चढ़ी गर्मी
सुबह को कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी…
उज्जैन। शहर तपने लगा है। मंगलवार को सीजन में पहली बार पारा 40.0 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक तेज धूप निकलने के कारण शहर में सुबह से ही पारे की चाल भी तेज थी। शहर के लोगों को सूरज ने तीखे तेवर ने तेज गर्मी का अहसास करवाया। शहर में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसी बीच बुधवार सुबह बादल छाए और शहर के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई।
पिछले 48 घंटे के अंतराल में शहर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 दिन में 3.3 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। जबकि अधिकतम तापमान में 24 घंटे में 1 डिग्री की बढ़त दर्ज हुई है।
17 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 19.2 तथा अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज हुआ था। 18 अप्रैल को यह बढ़कर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वही मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान इस सीजन के उच्चतम स्तर 22.5 डिग्री तक पहुंच गया था। तापमान में वृद्धि के साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में नमी बढऩे से बादल छाए हैं, बारिश की भी कई जगह संभावना है।
झुलस रहे मासूम…
भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया है। स्कूलों से दोपहर को घर लौटने वाले बच्चों को भीषण गर्मी में झुलसना पड़ रहा हैं। बच्चों को सुबह 7 से दोपहर 1-1 बजे तक स्कूलों में रहना पड़ता है।
सुबह 10 बजे से ही सूरज की तीखी किरणें असहनीय हो जाती है, जब दोपहर एक-दो बजे बच्चे स्कूलों से घर लौटते है। गर्मी से बच्चों की सेहत पर विपरीत असर पडऩे की संभावना है। बावजूद इसके अभी तक प्रशासन/शिक्षा विभाग ने स्कूलों के अवकाश या स्कूलों का समय बदलने पर ध्यान नहीं दिया है।
पांच दिन में तापमान की चाल
दिन – अधिकतम तापमान
14 अप्रैल – 38.5
15 अप्रैल – 37.5
16 अप्रैल – 38.2
17 अप्रैल – 39.0
18 अप्रैल – 40.0