500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चैक किए तब पकड़ाया आरोपी

स्कूटी को मारी थी टक्कर जिसमें युवक की हुई थी मौत, दोस्त हुआ था घायल

उज्जैन। फ्रीगंज ब्रिज पर हुए हिट एंड रन केस में 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद देवासगेट पुलिस ने आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है।
दरअसल, 3 फरवरी की रात करीब 10.15 बजे फ्रीगंज ब्रिज पर इनोवा के चालक ने तेज गति से कार चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मारी दी थी। इसमें सूरज अग्निहोत्री (23) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसका दोस्त अंकित उर्फ कान्हा (18) गंभीर घायल हुआ था। घटना के बाद इनोवा चालक भाग निकला था।
मामले में पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के कथन एवं जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद देवासगेट पुलिस की विशेष टीम बनाई गई जिसने घटनास्थल से जुड़े सभी रास्तों के 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज देखे। जिसके बाद इनोवा नानाखेड़ा स्थित परिहार परिसर के पास जय महाकाल गैरेज के समीप संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान हर्षवर्धन उर्फ नानू उर्फ जय पिता संग्रामसिंह सोलंकी (22) निवासी जाट मोहल्ला, कमलापुर, देवास, हालमुकाम महाशक्ति नगर के रूप में हुई। जिसे पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।









