Advertisement

8 से 12 मीटर वाला महाकाल चौराहा गोपाल मंदिर मार्ग 20 मीटर चौड़ा होगा

206 दुकान मकान और 3 धार्मिक स्थल आएंगे चौड़ीकरण के दायरे में

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

75 फीसदी से ज्यादा जगह जाने पर ही मिलेगा मुआवजा, कम होने पर एफएआर-टीडीआर मिलेगा, एमआईसी की मंजूरी

24.09 करोड़ से बनेगा 600 मीटर लंबा मार्ग

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अभी 8 से 12 मीटर तक चौड़ा महाकाल चौराहा-गोपाल मंदिर मार्ग मास्टर प्लान के मुताबिक अब 20 मीटर चौड़ा होगा। एमआईसी ने गुरुवार को रोड चौड़ीकरण की मंजूरी जारी कर दी। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों की पूर्ति करने वाली किंग्स सिक्योरिटी प्रायवेट लिमिटेड का ठेका एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया।

कंपनी कार्यशैली को देखते हुए महापौर नए टेंडर की प्रक्रिया छह महीने पहले शुरू करने का हिदायत वाला पत्र लिख चुके थे, हालांकि इस पर अमल नहीं हुआ। महाकाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक के 600 मीटर लंबे मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव सीएस की अध्यक्षता वाली समिति ने पास किया था। इसे अगली स्वीकृति के लिए गुरुवार को एमआईसी में रखा गया था। 24.09 करोड़ की लागत से इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। मार्ग के दायरे में कुल 206 संपत्तियां (100 प्लॉट पर बनी मकान-दुकान) आएंगी। तीन छोटे धर्मस्थल भी आएंगे।

Advertisement

चौड़ीकरण के अधिकतर प्रभावितों को नगर निगम एफएआर (फ्लोर एरिया रेशो) और टीडीआर (ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइटस) देगा। मुआवजा उसी प्रॉपर्टी के लिए दिया जाएगा जो 75 प्रतिशत से अधिक प्रभावित होगी।

जानिए एफएआर और टीडीआर को

फ्लोर एरिया रेशो: किसी भूखंड पर होने वाले निर्माण की अनुमति होती है। मार्ग चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले प्रभावितों को उनकी जमीन के हिसाब से यह दिया जाएगा। इसका मतलब है कि वह बचे क्षेत्र में आवंटित एफएआर जितना निर्माण कर सकते हैं।

टीडीआर: टीडीआर भी फ्लोर एरिया रेशो का दूसरा रूप है। इसमें प्रभावित खुद को मिला एफएआर किसी अन्य को भी दे या बेच सकते हैं। इसके लिए इलाके की सीमा नहीं होती है। यह शहर में कहीं भी दिया या बेचा जा सकता है, जबकि एफएआर में निर्माण खुद को ही करना होता है।

कौन सा हिस्सा प्रभावित होगा: महाकाल चौराहा-गोपाल मंदिर मार्ग चौड़ीकरण में चौबीस खंभा माता, गुदरी बाजार, पटनी बाजार, मगरमुहा, लखेरवाड़ी, गोपाल मंदिर की दुकानों वाला इलाका प्रभावित होगा। यह शहर का प्रमुख बाजार होने के साथ रिहायशी इलाका भी है।

चौड़ा करने की जरूरत क्यों: सिंहस्थ और ट्रैफिक की दृष्टि से यह महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क से ही सिंहस्थ में पेशवाई निकलती है। यहां से होकर ही श्रद्धालु रामघाट और शिप्रा नदी क्षेत्र में जाते हैं। ऐसे में इस मार्ग का चौड़ीकरण प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सामान्य दिनों में भी यहां ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है, खासकर दिन के समय।

आउटसोर्स कंपनी किंग्स सिक्योरिटी सर्विस प्रायवेट लिमिटेड का ठेका बढ़ाया: एमआईसी ने आउटसोर्स कंपनी किंग्स सिक्योरिटी गार्ड्स सर्विस प्रायवेट लिमिटेड का ठेका एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया है। कंपनी के कामकाज पर निगमायुक्त से लेकर महापौर तक ने पहले सवाल खड़े किए थे। अलग-अलग विभागों में 800 से ज्यादा कर्मचारियों की सप्लाई करने वाली इस कंपनी पर कम वेतन देने के आरोप लगे थे। करीब 8 महीने पहले हुए प्रदर्शन के बाद माना जा रहा था कि कंपनी का ठेका आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। तब महापौर मुकेश टटवाल ने टेंडर की प्रक्रिया छह महीने पहले शुरू करने के लिए पत्र लिखा था लेकिन सामान्य प्रशासन और विधि विभाग ने इस पर कार्रवाई ही नहीं की।

नतीजतन गुरुवार को हुई एमआईसी में कंपनी का टेंडर एक साल आगे बढ़ा दिया गया। इस संबंध में सामान्य प्रशासन और विधि विभाग के प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि टेंडर कॉल करने का समय नहीं था। अगर ठेका नहीं बढ़ाते तो अप्रैल बाद कर्मचारियों का संकट खड़ा हो जाता। ऐसे में टेंडर आगे बढ़ाने का फैसला किया गया। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि उन्होंने किसी भी टेंडर की प्रक्रिया छह महीने पहले शुरू करने का पत्र लिखा था।

यह भी हुए फैसले

शिप्रा नदी के घाटों का 85 करोड़ की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। इसके टेंडर जारी होंगे।

नगर निगम 200 करोड़ के बॉन्ड्स जारी करेगा।

भूमिगत पाइप लाइन केवल एवं डक्ट अधिनियम की मुआवजा राशि के भुगतान की अनुशंसा।

जनसंपर्क विभाग की विभिन्न मद में पुनर्विनियोजन की अनुशंसा।

वर्ष 2026- 27 के लिए संपत्ति कर समेकित दर, शिक्षा उपकर एवं नगरीय विकास उपकर की दर/छूट/भुगतान निर्धारण संबंधी प्रस्ताव की अनुशंसा।

हरसिद्धि पाल- रामघाट मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित सुलभ शौचालय को हटाया जाएगा।

सार्वजनिक शौचालयों में निर्धारित मापदंडों अनुसार व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर संचालन एवं संधारण एजेंसी पर अर्थदंड ।

स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की तृतीय मंजिल पर निर्मित खुला भाग एवं चतुर्थ मंजिल की खुली छत को 30 वर्ष तक लीज पर दिया जाएगा।

5 मार्च से विभाग वार बजट पर विस्तृत चर्चा होगी।

20 मीटर चौड़ा होगा महाकाल चौराहा- गोपाल मंदिर रोड: महाकाल चौराहा-गोपाल मंदिर रोड मास्टर प्लान मुताबिक २० मीटर चौड़ा होगा। एमआईसी ने चौड़ीकरण काम की स्वीकृति दे दी है।
अभिलाष मिश्रा, आयुक्त, नगर निगम

75 फीसदी हिस्सा जाने पर मुआवजा मिलेगा
600 मीटर लंबे मार्ग चौड़ीकरण के प्रभावितों को एफएआर-टीडीआर दिया जाएगा। संपत्ति का 75 फीसदी हिस्सा जाने पर मुआवजा मिलेगा।
संतोष गुप्ता, अधीक्षण यंत्री, नगर निगम

Related Articles

Write a review