उज्जैन:शिप्रा के छोटे पुल पर 2 फीट पानी

सावन की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गंभीर डेम में भी लगातार बढ़ रहा लेवल
अब तक 13 इंच से अधिक वर्षा
उज्जैन।सावन की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई। चौबीस घंटे में दो इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई। शिप्रा नदी का जल स्तर भी बढ़ गया। इस सीजन में दूसरी बार छोटे पुल सहित घाट पर बने मंदिर आधे जलमग्न हो गए। गंभीर डेम में भी रात से ही पानी बढ़ रहा हैं।
इस बार मानसून भले ही एक सप्ताह देरी से आया हो लेकिन अब तक पिछले साल से अधिक बारिश हो चुकी है। शहर सहित जिले की सभी तहसीलों में जोरदार बारिश हो रही हैं।
गुरुवार सुबह में बारिश के बाद दिन में धूप निकल आई। इसके बाद रात 9 बजे से अचानक मौसम बदला और तेज गरज चमक के साथ जोरदार बारिश होने लगी। करीब एक घंटे तक तेज वर्षा के बाद वेग कुछ कम हुआ और रिमझिम का दौर चलता रहा। इसके बाद आज सुबह में भी रूकरूक कर बारिश होती रही।
पिछले चौबीस घंटे में दो इंच से अधिक बारिश हुई। जीवाजी वेधशाला के अनुसार इस सीजन में अब तक 13 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी है। इधर शहर और आसपास हुई बारिश के कारण गुरुवार शाम से ही शिप्रा के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। घाटों पर बने मंदिर आधे से अधिक डूब गए हैं।
गंभीर डेम में 111 एमसीएफटी पानी बढ़ा
पीएचई के अधीक्षण यंत्री राजीव शुक्ला ने बताया कि वर्षा के इस सीजन में दूसरी बार गंभीर डेम में पानी बढ़ा। डेम के कैचमेंट में हो रही अच्छी वर्षा के कारण लगातार पानी की आवक हो रही हैं। गुरुवार सुबह डेम की कैपेसिटी 389 एमसीएफटी थी जो आज सुबह बढ़कर 500 एमसीएफटी हो गई। पिछले 24 घंटे में 111 एमसीएफटी पानी आया। शाम तक इसमें और वृद्धि होगी।
हवा चली और बिजली हुई गुल….
रात 9 बजे हवा चली और तेज गडग़ड़हाट के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद शहर में कई जगह पर बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे बाद बिजली आई और इसके बाद रात में भी आंखमिचौली का दौर चलता रहा।
शहर में नहीं हुआ जल प्रदाय
विद्युत संधारण कार्य करने के कारण शटडाउन किया गया। गंभीर इंटेक एवं टीपी के पंप बंद रहने के कारण शहर की सभी टंकियां नहीं भरने से आज संपूर्ण शहर में जल प्रदाय नहीं किया गया। लोगों ने अन्य जल स्त्रोतों का सहारा लिया।













