प्रजा का ‘मत’ पाने, राजा से ‘आशीर्वाद’

By AV NEWS

महाकालेश्वर के ‘दर’ पर आने वाले नेताओं की संख्या बढ़ी

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही ‘प्रजा’ मत पाने के लिए ‘राजा’ के दरबार में गुहार लगाने वाले नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है। वैसे तो देशभर से नेता भगवान महाकालेश्वर के दर पर पहुंच रहे है,लेकिन मप्र के नेताओं के आने की संख्या काफी इजाफा हो गया है।

मप्र विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हों या पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, विधानसभा चुनाव में जनता जनार्दन का मत पाने के लिए सभी प्रमुख राजनीतिज्ञ राजा महाकाल की शरण में आ रहे हैं। बीते दो महीनों में सीएम चौहान चार बार महाकाल मंदिर आए हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ मौजूदा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इससे मुक्ति के लिए महाकाल को ज्ञापन देने आ चुके हैं। प्रदेश के कई नेता मंत्रियों सहित केंद्रीय स्तर के नेता, मंत्री भी भगवान महाकालेश्वर के समक्ष शीश नवाने पहुंच रहे हैं।

राजा महाकालेश्वर और मंदिरों नगरी उज्जैन धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक गतिविधियों,हलचलों, घटनाक्रमों का भी प्रमुख केंद्र रही है। मौजूदा चुनाव को छोड़ दें तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2008, 2013 और 2018 के चुनावों से पहले जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत उज्जैन से ही की थी। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी अपने कई अभियान और कार्यों का श्रीगणेश उज्जैन से किया है।

उन्होंने भाजपा से अलग होने के बाद अपनी नई पार्टी की घोषणा और कार्य की शुरुआत उज्जैन से की थी। 2018 में कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत उज्जैन से की थी। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भी कमल नाथ ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत महाकाल महाराज को पत्र लिखकर की।

हाल में बड़े राजनेता भी पहुंचे

महाकाल मंदिर में बीते एक माह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित देश भर के कई नेता दर्शन के लिए आ चुके हैं। वहीं प्रदेश स्तर पर भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं का आनाजाना लगा हुआ है।

विजवर्गीय महाकाल की शरण में

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में इंदौर 1 से मैदान में उतारा है। चुनाव में जीत को लेकर विजयवर्गीय ने सपरिवार भगवान महाकाल के दर्शन किए। भाजपा के 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में इंदौर 1 से नाम सामने आते ही। अगले ही दिन मंगलवार को विजयवर्गीय भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे विजयवर्गीय ने पत्नी और बेटे आकाश विजयवर्गीय के साथ दर्शन किये। तीनों ने भगवान महाकाल के गर्भगृह में पंचामृत अभिषेक पूजन कर भगवान का आशीर्वाद लिया।

साधना सिंह कर चुकी हैं 84 महादेव के दर्शन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह ने भी श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार पर भगवान महाकाल के दर्शन किए हैं। इस बार श्रावण अधिक मास होने से उन्होंने 84 महादेव मंदिरों में भी पूजा अर्चना की। इसके पीछे मान्यता है 84 महादेव सुख, समृद्धि, सौभाग्य तथा राजपाट प्रदान करते हैं।

Share This Article