Advertisement

संस्कृत के आचार्य सहायक प्राध्यापक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या…

शहर में 24 घंटे के दौरान चार आत्महत्याएं

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन संस्कृत के विद्वान आचार्य शासकीय संस्कृत महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक प्रो. हिम्मतलाल शर्मा ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वे परिवार के साथ ऋषिनगर में किराए के कमरे में रहते थे। रात को पत्नी, बच्चों के सोने के बाद उन्होंने फांसी लगाई।

 

घटना सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। पत्नी प्रतीक्षा शर्मा नींद से जागी तो आचार्य को फंदे पर लटका देखा। पति को इस अवस्था में देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर मकान मालिक रितेश गुप्ता का परिवार उनके कमरे पर पहुंचा। आचार्य को फं दे से नीचे उतारकर पुलिस को घटना की सूचना दी। एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर्स ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मरच्यूरी में रखवा दिया। प्रो. शर्मा के आत्महत्या के कारणों का कुछ पता नहीं चला है। पुलिस ने उनके कमरे की तलाशी ली लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

Advertisement

पत्नी की भी नौकरी लगी.. जाना या नहीं जाना इसको लेकर तनाव था

प्रो.शर्मा के बड़े भाई महेश शर्मा ने बताया कि पत्नी प्रतीक्षा भी नीट क्वालीफाइड और पीएचडी थी। झाबुआ के संस्कृत कॉलेज में उनकी नौकरी के लिए कॉल आ गया था। इसको लेकर भी डिप्रेशन में थे कि दोनों बच्चों और पत्नी को अकेले कैसे भेजे। विक्रम विवि के पूर्व कुलपति संस्कृतविद डॉ. बालकृष्ण शर्मा, प्रो. महेंद्र पंड्या, प्रो. उपेंद्र भार्गव, प्रो. श्रेयस कोरान्ने सहित महाविद्यालय के अन्य आचार्य एवं विद्यार्थी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। बताया जाता है कि वे पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थे। किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहे थे। गुमसुम रहने लगे थे। उनके विद्यार्थी रह चुके आचार्य विद्यासागर ने कहा विश्वास नहीं होता कि प्रो. हिम्मतलाल शर्मा ने सुसाइड कर लिया। उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया। कभी हार नहीं मानने वाले इंसान थे। सात साल की उम्र से रामानुजकोट में अध्ययनरत भी थे।

Advertisement

युवक ने स्टेटस पर लिखा- इतने भी भाव मत खा जिंदगी, 15 रुपए की गोली से तू झाग हो जाएगी

चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के फाजलपुरा निवासी 24 वर्षीय युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सुबह 4 बजे उसने अपने मोबाइल पर जलती चिता का स्टेटस डाला और लिखा- इतने भी भाव मत खा जिंदगी…15 रुपए की गोली में तू झाग हो जाएगी। पुलिस ने बताया विनय पिता महेश राठौर की जहर खाने से मौत हो गई है। मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। घटना शुक्रवार सुबह 11.30 बजे की है। उसने दोस्त पवन चौहान और दीपक सूर्यवंशी को बताया कि जहर खा लिया है।

इस पर दोनों उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इलाज के दौरान शाम 5.30 बजे मौत हो गई। मृतक के भाई सर्वेश राठौर ने बताया कि दो महीने पहले विनय की सगाई हो गई थी, लेकिन उसका एक अन्य लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सगाई के बाद उसकी मंगेतर को पूर्व प्रेमिका के बारे में पता चल गया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इधर पूर्व प्रेमिका बोल रही थी कि सगाई तोड़कर उससे विवाह करना पड़ेगा। दो दिन से इस बात को लेकर वह डिप्रेशन में था। जिसके चलते उसने अपने मोबाइल से सुबह 4 बजे जलती चिता का फोटो अपलोड किया। सुबह घर पर सबसे ठीक से बातचीत की। किसी को पता नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।

फिजियोथैरेपिस्ट ने भी लगा ली फांसी

माधवनगर थाना क्षेत्र में फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. वीणा पति दिग्विजयसिंह पंवार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन साल पहले उन्होंने आईआईटी कोचिंग संचालक दिग्विजय से प्रेम विवाह किया था। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसआई गौरीशंकर ने बताया सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। महिला का मायका राजस्थान का है। उसके परिजन को घटना की सूचना दी गई लेकिन उन्होंने आने से मना कर दिया। प्रेम विवाह से महिला के परिजन नाराज थे। पुलिस ने पति के बयान दर्ज किए। पीएम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

15 साल की बालिका ने फांसी लगाई, मौत

चिमनगंज थाना क्षेत्र के संपतनगर में रहने वाली 15 साल की बालिका ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया सज्जनसिंह की बेटी चांदनी ने शुक्रवार घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पिता घटना के वक्त काम पर थे। मां की 4 साल पहले मौत हो चुकी है।

दादी कमलाबाई ने बताया वह रोज बच्चों को गरबा दिखाने जाती थी। शुक्रवार को चांदनी ने जाने से मना कर दिया तो वह उसके छोटे भाई को गरबा दिखाने ले गई थीं। जब वापस आई तो चांदनी को फंदे पर झूलते हुए देखा। पड़ोसियों ने चांदनी को फंदे से उतारा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बालिका के आत्महत्या के कारण पता नहीं चला है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Related Articles