उज्जैन-बडऩगर फोरलेन: दो फ्लाइ ओवर, 12 पुल और अंडर-पास बनेंगे

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:उज्जैन से बदनावर तक बनने वाला 69.1 किमी फोर लेन मार्ग की वैसे तो पूर्ण होने की समय सीमा अक्टूबर 2024 है। लेकिन विभागीय अधिकारियों का दावा है इसे मई-जून 2024 में ही पूर्ण कर लिया जाएगा। मार्ग का निर्माण भी आधुनिक और उन्नत तकनीक से हो रहा है। क्योंकि यह मार्ग महाकाल लोक उज्जैन जाने का एक प्रमुख मार्ग है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
भविष्य के परिवहन को दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक लेन की चौड़ाई नौ मीटर रखी जा रही है। मार्ग पर दो फ्लाइ ओवर में से एक लेबड़-नयागांव फोर लेन पर यहां बड़ी चौपाटी के पास बनेगा। उज्जैन और बडऩगर रेल मार्ग होने से यातायात अवरुद्ध न हो, इसलिए रेलवे ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे।
पूरे मार्ग पर 12 मेजर पुल बनेंगे। इनमें मार्ग पर आने वाली चामला, गंभीर, चंबल, बलवंती आदि नदियों के पास छोटे वाहनों के लिए अंडरपास दिए जाएंगे। जल निकासी के लिए नालियां और करीब 180 बाक्स कल्वर्ट बनाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए सेफ्टी बैरियर रहेंगे।
मार्ग का निर्माण राजस्थान की कंपनी कर रही है। निर्माण के बाद 15 साल तक संधारण की गारंटी कंपनी की रहेगी। पूरे मार्ग पर केवल बडऩगर के आगे खरसौद खुर्द में टोल प्लाजा बनेगा। इससे बदनावर से बडऩगर प्रतिदिन अपडाउन करने वालों को टोल नहीं चुकाना पड़ेगा। कंपनी काम को अपने निर्धारित समय से पहले पूरा कर लेगी। इसके लिए पुरजोर प्रयास किए जा रहे हैं।









