Advertisement

आ रहे हैं अब ऐसे कलेक्टर… 40 किमी साइकिल चलाकर करते हैं निरीक्षण

शिकायतों का निराकरण नहीं होने के मामले में खुद पर कर चुके जुर्माना

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:नव नियुक्त कलेक्टर नीरज कुमार सिंह जल्द ही उज्जैन की कमान जल्द ही संभाल लेंगे, लेकिन उनके आने से पहले ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है, क्योंकि उनकी कार्यशैली ही अलग है। वे शिकायतों के निराकरण मामले में खुद पर भी जुर्माना कर चुके हैं और साइकिल चलाते हुए निरीक्षण पर निकल जाते हैं।

 

प्रशासनिक सर्जरी के बाद नीरज कुमार सिंह के उज्जैन कलेक्टर के रूप में कमान संभालने से विकास कार्यों में तेजी आने की संभावना बढ़ी है तो प्रशासनिक कसावट भी और अधिक बढ़ेगी। कलेक्टर सिंह दमोह और राजगढ़ कलेक्टर के रूप में काफी चर्चित रहे हैं। अभी वे नर्मदापुरम कलेक्टर हैं। सोमवार को वे नर्मदापुरम कलेक्टर के रूप में पदभार से मुक्त होकर मंगलवार को भगवान महाकाल के दर्शन कर उज्जैन कलेक्टर का पदभार ग्रहण करेंगे।

Advertisement

…और अचानक किया था हॉस्पिटल का निरीक्षण

दमोह कलेक्टर रहते हुए सिंह ने 2022 में 40 किलोमीटर साइकिल चला कर हटा अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया था। व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ सफाई ,पेयजल व्यवस्था आदि के निर्देश दिए थे। वे दमोह से सुबह की सैर करने साइकिल पर निकले थे और अचानक हटा अस्पताल पहुंच गए थे। इसके पहले दमोह से 26 किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय पथरिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया था।

Advertisement

इसलिए किया था खुद पर जुर्माना…

राजगढ़ में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सीएम हेल्पलाइन व अन्य शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर खुद की गलती मानते हुए स्वयं पर 100 रुपये का जुर्माना किया था। जिले के 1139 अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी उन्होंने 1 लाख 13 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना किया था। टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन और अन्य लंबित शिकायतों की समीक्षा की, जिसमें सामने आया कि एल-1 से एल-3 तक पहुंच चुकी करीब 1139 शिकायतों का विभागीय अधिकारियों द्वारा निराकरण नहीं किया गया। इस पर उन्होंने प्रति शिकायत 100 रुपये के मान से 1139 शिकायतों पर एक लाख 13 हजार से भी अधिक राशि का जुर्माना लगाया था। एल-1 पर कार्रवाई नहीं होने के कारण स्वयं पर भी 100 रुपये का जुर्माना किया था।

सबसे पहले करेंगे जनसुनवाई!

नर्मदापुरम के अधिकारियों के अनुसार सिंह का फोकस विकास कार्यों पर ज्यादा रहता है। वहां भी वे रनिंग करते हैं और साइकिल भी चलाते हैं। विकास कार्यों पर फोकस अधिक होने से उज्जैन में भी विकास कार्यों की रफ्तार बढऩे की उम्मीद बढ़ गई है। संभावना है कि वे पदभार ग्रहण करने के बाद जनसुनवाई भी करेंगे। इसकी तैयारी भी अधिकारी कर रहे हैं।

सुबह 11 बजे होंगे ज्वाइन : कलेक्टर सिंह ने अक्षरविश्व से चर्चा में कहा वे मंगलवार सुबह 11 बजे उज्जैन कलेक्टर के रूप में ज्वाइन करेंगे। महाकाल मंदिर में दर्शन की व्यवस्था को बेहतर करने पर फोकस करेंगे। सूत्रों के अनुसार ज्वाइनिंग के बाद वे निरीक्षण भी कर सकते हैं।

Related Articles