सिंहस्थ 2016 के बाद शुरू हुआ निर्माण अब तक पूरा नहीं
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:आगामी सिंहस्थ के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। इस कड़ी में सरकार ने कार्यदल बना दिया है और इसने काम भी शुरू कर दिया है, लेकिन मोहनपुरा में बडऩगर रोड पर बन रहा रेलवे ओवर ब्रिज का काम अब तक अधूरा है। यही हाल रहा तो सिंहस्थ 2028 तक भी यह बन नहीं सकेगा।
प्रदेश सरकार सिंहस्थ को लेकर संजीदा है। सिंहस्थ क्षेत्र के विस्तार और भूमि उपयोग के नए विकल्प पर विचार करने के लिए कार्यदल बनाया गया है, जो 2004 और 2016 में हुए सिंहस्थ की संपूर्ण मेला क्षेत्र योजना, भूमि आवंटन और आरक्षण के अभिलेखों का परीक्षण कर अपनी रिपोर्ट देगा।
दल में विशेष रूप से उन अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो सिंहस्थ में कार्य करने के अनुभवी रहे हैं। दल में अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव के साथ उज्जैन के संभागायुक्त, महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शामिल किया गया है। दूसरी ओर मोहनपुरा में रेलवे क्रॉसिंग पर 2016 के सिंहस्थ बाद से बन रहा ब्रिज आज भी अधूरा है। विभाग की शर्तों के अनुसार 2018-19 में यह बनकर तैयार हो जाना था।
गुजरात की अजय प्रो टेक कंपनी को इसका ठेका 2016 में दिया गया था, लेकिन यह कंपनी अब यहां से अपना बोरिया बिस्तर बांधकर चली गई है। इससे काम रुका पड़ा है। ब्रिज का 20 फीसदी काम अभी भी बाकी है। सरकार द्वारा गठित दल को इस प्रोजेक्ट में हुई कमियों को ध्यान में रखकर इस प्रस्ताव रखना चाहिए, जिससे इस तरह के हालात न बनें।
इस तरह की खामियां न रहें….
ब्रिज के प्रोजेक्ट में पहले आरई वॉल का प्रावधान था, लेकिन बाद में डिजाइन बदली गई।
ब्रिज की ऊंचाई को लेकर भी तकनीकी अड़चनें आईं। रेलवे से मंजूरी मिलने में हुई देरी के कारण काम प्रभावित हुआ।
ब्रिज निर्माण का पैसा समय पर न मिल पाने से भी काम रुका।