महाकाल सवारी में 1500 वादक बजाएंगे डमरू, विश्व रिकॉर्ड की तैयारी

By AV NEWS 2

तीसरी सवारी 5 अगस्त को सीएम डॉ. यादव शामिल होंगे

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली सवारी के क्रम में भगवान महाकाल की तीसरी सवारी का आयोजन ५ अगस्त को होगा। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है। सवारी में १५०० डमरू वादकों को शामिल कर एकसाथ डमरू बादन का विश्व रिकॉर्ड बनाने के तैयारी की जा रही है।

महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल का प्रिय वाद्य यंत्र डमरू के स्वर के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। महाकाल की नगरी में इस तरह का आयोजन पहली बार भगवान महाकाल की सवारी निकलने के दौरन होगा। महाकालेश्वर भगवान की नगरी उज्जैयिनी में श्रावण का महिना खास होता है।

देश-विदेश के भक्त भगवान महाकाल की भक्ति में रमे हुए नजर आते हंै। इस बार श्रावण महीने के प्रारंभ से बाबा महाकाल की सवारी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप प्रदेश के विभिन्न आदिवासी अंचल के पारंपरिक लोक नृत्य दल के कलाकारों का दल शामिल हो रहा है।

भगवान महाकाल की दूसरी सवारी में करीब 350 सदस्यीय पुलिस बैंड ने भोले के गीतों की स्वर लहरी बिखेरी थी। भगवान महाकाल की तीसरी सवारी 5 अगस्त को निकलने के दौरान भगवान महाकाल का प्रिय वाद्य यंत्र डमरू बजाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयारी शुरू हुई है। संभव है कि भगवान महाकाल की तीसरी सवारी के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होगें।

स्थानीय व भोपाल से आएंगे वादक

कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया कि रिकॉर्ड बनाने के लिए भगवान महाकाल की तीसरी सवारी निकलने के पहले सवारी मार्ग पर करीब 1500 वादक डमरू बजाकर 10 मिनट प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान विश्व रिकॉर्ड दर्ज करने वाले अधिकारी भी मौजूद रहेगें। विश्व रिकॉर्ड के प्रदर्शन के बाद डमरू वादक भगवान महाकाल की सवारी में शामिल रहेंगे।

डमरू वादक संस्कृति विभाग भोपाल से कलाकार रहेगें। भगवान महाकाल की सवारी के साथ चलने वाली भजन मंडली के सदस्यों को भी डमरू वादन के लिए शामिल किया जाएगा। आयोजन की तैयारी करने व स्थान और वादक की संख्या तय करने के लिए एक समिति भी बनाई है।

Share This Article