Advertisement

ढोल की थाप और जयकारों से मां का स्वागत, शुभ मुहूर्त में हुई घटस्थापना

ऐंद्र और हस्त नक्षत्र में शारदीय नवरात्र की शुरुआत, देवी मंदिरों में गूंजे मंत्र, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शारदीय नवरात्र की शुभ शुरुआत गुरुवार को ऐंद्र और हस्त नक्षत्र में मां के आगमन से हुई। देवी मंदिरों में मंत्रोच्चार और घंटे-घडिय़ालों की मंगल ध्वनि के बीच शुभ मुहूर्त में अलसुबह घटस्थापना की गई। मां के दर्शन की लालसा लिए श्री हरसिद्धि, गढ़कालिका, चामुंडा माता, चौबीसखंभा, भूखी माता सहित अन्य देवी मंदिरों में भक्तों की जमकर रेलमपेल रही। उन्होंने मां के समक्ष शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। इसी के साथ 9 दिवसीय उत्सव का उल्लास छा गया।

 

नवरात्र का पहला दिन होने से बाजार भी दमक उठा। पूजन सामग्री, दीपक, मूर्तियों व फूलों की दुकानों पर आम दिनों की अपेक्षा ज्यादा रौनक रही। घटस्थापना के लिए मां की मूर्तियों को घरों और पांडालों में ले जाने के लिए शहरवासी ढोल, ताशे और डीजे लेकर पहुंचे। मूर्ति विक्रेता राजेश सिंह जादौन ने बताया कि उनके पास 200 से लेकर 15 हजार की मूर्तियां हैं। ग्राहक अपनी श्रद्धा अनुसार खरीदी कर रहे हैं।

Advertisement

त्रिवेणी संग्रहालय के पास विराजेंगी मां काली

त्रिवेणी संग्रहालय के पास मां काली की 21 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा विराजित की जाएगी। गुरुवार सुबह श्री महाकाल भैरव भक्त मंडल और भगत सिंह युवा ग्रुप के सदस्य प्रतिमा ले जाने के लिए धूमधाम से पहुंचे। रितेश वर्रा ने बताया कि ३२ साल से आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिमा को इंदौर के कलाकार रितेश पाल ने दो माह में तैयार किया है।

Advertisement

आज रात से गरबों की धूम

नवरात्रि की मंगलमय शुरुआत के साथ ही आज रात से गरबों की धूम मचेगी। दशहरा मैदान, कालिदास अकादमी, अभिनंदन परिसर, तंबाकू बाजार फ्रीगंज, सामाजिक न्याय परिसर, तारामंडल चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर गरबा आयोजन के लिए स्टेज, साउंड, लाइटिंग एवं साज-सज्जा के काम पूरा हो चुका है। इंतजार है तो केवल रात होने का।

पुलिस के माकूल इंतजाम

नवरात्रि एवं गरबा आयोजन को देखते हुए पुलिस ने शहर में माकूल इंतजाम किए हैं। प्रमुख देवी मंदिरों और गरबा स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी जो असामाजिक तत्वों का प्रवेश रोकने पर विशेष नजर रखेगी। पेट्रोलिंग भी सतत जारी रहेगी। इधर, कुछ पांडालों में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

गरबों में एंट्री के लिए आधार कार्ड जरूरी

नवरात्रि के दौरान कुछ आयोजकों ने पांडाल में प्रवेश के लिए कार्ड जरूरी करने का निर्णय लिया है। उज्जैन में कई बड़े-छोटे गरबा पंडाल में तैयारी कर ली गई है। नौ दिनों तक चलने वाले गरबों में एंट्री के लिए आयोजकों ने आधार कार्ड जरूरी किया है। कालिदास अकादमी में आयोजित न्यू नवरंग सांस्कृतिक संस्था ने गरबे देखने के लिए आधार को इंट्री के समय जरूरी किया है।

संस्था के अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि इंट्री के समय असुविधा से बचने के लिए आधार कार्ड या अन्य आईडी कार्ड जरूर साथ लाए। तिलक लगाकर आएंगे तो अच्छा रहेगा। अकादमी में देवी को नौ स्वरूप की तरह नौ दिन तक अलग-अलग गरबों का आयोजन होगा। इसमें ताली और रुमाल के साथ होने वाले गरबे और बंगाली स्टाइल के गरबे भी होंगे।

Related Articles