महाकाल नगरी में बन रहा 70 फीट ऊंचा श्रीराम मंदिर

मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक मंदिर सिंहस्थ 2028 से पहले होगा लोकार्पण

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन में भव्य श्रीराम मंदिर बनकर तैयार हो रहा है, जिसका शिखर करीब 70 फीट ऊंचा होगा। यह मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक मंदिर होगा, जो प्राचीन शैली का विशिष्ट होगा। सिंहस्थ 2028 में भगवान श्रीराम की प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित कर लोकार्पण किया जाएगा।
मंगलनाथ मार्ग पर महर्षि सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण जिस भूमि पर पढऩे आए थे, उसी के ठीक सामने अब श्रीराम मंदिर आकार ले रहा है। श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम द्वारा इसका निर्माण कराया जा रहा है। मुनि शरणदास जी ने बताया कि करीब दो बीघा जमीन पर मंदिर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें भगवान श्रीराम और जानकी, श्री हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित की जाएंगी। मंदिर परिसर में भोजनशाला और सभागृह भी बनाया गया है। भोजनशाला में एक समय में लगभग पांच सौ श्रद्धालु भोजन कर सकेंगे।
मंदिर निर्माण से जुड़े कारीगरों के अनुसार एक अनुमान है कि इस पर 50 करोड़ रुपयों से अधिक का खर्च हो सकता है। उज्जैन में अंकपात मार्ग पर 800 साल पुराना श्री राम जनार्दन मंदिर भी है, किंतु इसका शिखर सबसे ऊंचा होगा। मुनि शरणदास जी के अनुसार जमीन से मंदिर लगभग 50 फीट की ऊंचाई पर बन रहा है, जिसके 20 फीट ऊपर शिखर दिखाई देंगे। विशिष्ट शैली के ये शिखर सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। अभी मंदिर की लागत तय नहीं हुई है।
बिहार में दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर
बिहार के जानकीपुर में दुनिया का सबसे बड़ा राम मंदिर, विराट रामायण मंदिर के नाम से बन रहा है। यह 140 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है। मंदिर 1080 फीट लंबा, 540 फीट चौड़ा और 270 फीट ऊंचा है। मन्दिर में 33 फीट ऊंचा और 33 फीट गोलाकार शिवलिंग भी स्थापित होगा। यह विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग होगा। इसमें एक हजार छोटे शिवलिंग भी होंगे। इसे सहस्रलिंगम के रूप में जाना जाता है। भारत में आठवीं सदी तक सहस्रलिंगम के प्रमाण हैं। विराट रामायण मंदिर के सहस्रलिंगम का वजन 200 मीट्रिक टन होगा।









