एसपी ने कहा- बदमाशों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। बदमाशों को पता है कि इस समय उज्जैन पुलिस जबरदस्त मौका मुआयना कर रही है। इसमें बदमाशों के हाथ-पैर टूट रहे हैं। इसके बावजूद वे अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। बंगाली कॉलोनी में रहने वाला सुजीत पिता भंवररंजन २१ साल का है। इसके खिलाफ सूचना मिली कि वह चाकू लेकर घूम रहा है। कोई अपराध कर सकता है।
मुखबिर ने पुलिस को बताया कि वह कवेलू कारखाना क्षेत्र में मिलेगा। नीलगंगा थाने के आरक्षक लोकेश प्रजापति और आरक्षक दीपक दिनकर उसे ढूंढने पहुंचे। सामने से सुजीत आता हुआ दिखाई दिया। दोनों आरक्षकों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया। तब बदमाश ने दोनों पर हमला कर दिया। लोकेश के सिर में पत्थर मारा। जिससे वह घायल हो गया। सुजीत ने मौका देखा और वह सामने रखी अपनी बाइक लेकर भाग निकला।
दोनों आरक्षकों ने थाना प्रभारी को सूचना दी। पुलिस दल ने पहले तो आरक्षक लोकेश को अस्पताल भिजवाया और उसके बाद सुजीत की तलाश शुरू की। पता चला कि वह सांवराखेड़ी ब्रिज की ओर भागा है। पुलिस की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही उसने तेज गति से गाड़ी दौड़ाई और आगे जाकर गिर गया। इस घटना में उसके हाथ-पैर टूट गए। पीछा कर रही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उसके कब्जे से चाकू बरामद किया। हाथ-पैर में चोट लगने के कारण उसे पुलिस वाहन से चरक अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज किया गया।
बदमाश को जेल भेज दिया है: कुरील
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि सुजीत आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, अवैध शराब के प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। कवेलू कारखाना इलाके में वह चाकू लेकर घूम रहा था। जब दो आरक्षकों ने उसे पकडऩे की कोशिश की तब उसने दोनों पर हमला कर दिया। इसमें लोकेश घायल हो गया।
बाद में सुजीत को गिरफ्तार किया गया। वह पुलिस वाहन एफआरबी के चालक पर भी हमला कर चुका है। थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश का मौका मुआयना कराना जरूरी था। उसे शांति नगर क्षेत्र में ले जाया गया। लोग जुलूस समझकर उसे देखने के लिए अपने घरों से बाहर आ गए। बदमाश को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी ने कहा छोड़ेंगे नहीं
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा का कहना है कि चंद बदमाशों ने लोगों का जीना हराम कर रखा है। इनके खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपना रखा है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने इलाकें के बदमाशों को चिह्नित करें। अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर न बख्शा जाएं। इनकी बदमाशी रोकने का एक ही उपाय है मौका मुआयना। पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।