यह है शहर की स्वच्छता के हाल, कैसे ना हो शहरवासी बेहाल

By AV NEWS

निगमायुक्त साइकिल पर फोटो खिंचवा रहे, जगह-जगह कचरे के ढेर लगे

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। सफाई में शहर को नंबर वन बनाने का ख्वाब देखने वाले नगर निगम के अधिकारी इसे लेकर कितने सचेत हैं, इसकी हालत सफाई व्यवस्था बयां करती है। निगमायुक्त ने शुक्रवार को साइकिल पर घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, इस दौरान उन्हें अपने ही कार्यस्थल नगर निगम में ही गंदगी मिली जिसके बाद उन्होंने नाराजगी जताई।

इसके बाद उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों आवारा मवेशियों को पकडऩे के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने फोटो खिंचवाए और कुछ ही समय में निरीक्षण पूरा हो गया। सफाई के प्रति निगमायुक्त कितने सजग हैं और उनके निर्देशों का कितना असर हुआ। यह शनिवार को नजर आया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कचरों के ढेर लगे रहे, सडक़ों पर आवारा मवेशियों कभी लड़ते तो कभी आराम फरमाते रहे लेकिन ना तो इन्हें पकडऩे के लिए गैंग दिखी ना ही सफाई करने वाले कर्मचारी।

स्थान: शहीद पार्क समय: सुबह 9:16 बजे

नए शहर का सबसे व्यस्ततम इलाका है। यहां लगने वाली दुकानों के पास बड़ी मात्रा में कचरा पड़ा है जिससे भयंकर बदबू आ रही थी लेकिन लगता है नगर निगम के कर्मचारी यहां सफाई करना भूल गए।

स्थान: महाकाल मंदिर समय: सुबह 9:30 बजे

शंख द्वार से प्रवेश कर जब भारत माता मंदिर से होते हुए श्रद्धालु अवंतिका द्वार के सामने से परिसर में प्रवेश करते हैं। वहीं लगने वाली प्रसादी की दुकानों के पास कचरे का ढेर लगा है और यहीं से होकर श्रद्धालु गुजर रहे हैं।

स्थान: भाजपा कार्यालय के समीप समय: 10:21 बजे

यहां मंदिर होने के साथ अस्पताल हैं जहां से दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही बनी रहती है लेकिन आवारा मवेशी सडक़ के बीचोंबीच बैठकर आराम फरमा रहे हैं। शायद इन्हें भी पता है कि हमें कोई पकडऩे वाला नहीं।

स्थान: अजाक थाने के समीप समय: 10:23 बजे

अजाक थाने के समीप से फ्रीगंज स्थित गुरुद्वारे की ओर जाने वाले रोड पर आवारा मवेशियों का जमघट लगा है। सुबह अचानक इनके बीच द्वंद्व छिड़ गया जिससे एक एक्टिवा पर जा रही महिला गिरते-गिरते बची।

स्थान: कोठी रोड समय: सुबह 10:32 बजे

सबसे पॉश इलाका कोठी रोड। यहां से दिनभर अधिकारियों की आवाजाही रहती है। कलेक्टर बंगले के समीप उद्यन मार्ग की ओर टर्न लेने पर साइड में कचरा पड़ा है जिसे किसी ने नहीं उठाया।

निगमायुक्त का दिखावा

शुक्रवार को निगमायुक्त आशीष पाठक स्वच्छता का निरीक्षण करने साइकिल पर निकले थे। शनिवार को लिए गए फोटो बताते हैं कि आखिर सच क्या है।

महापौर उठा चुके सवाल

शहर की बिगड़ी स्वच्छता व्यवस्था को लेकर महापौर अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं। ३ दिसंबर को हुई बैठक में उनका कहना था निगम के पास २४७८ सफाईकर्मी के साथ हर झोन में १६० अतिरिक्त कर्मचारियेां की फौज तो कचरे के ढेर क्यों दिख रहे हैं। उन्होंने निगमायुक्त आशीष पाठक को निर्देशित किया था कि हर झोन में जाकर माइक्रो प्लान के मुताबिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर करवाएं लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो सका। इसी का नतीजा है कि शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं।

Share This Article