संघ की तैयारी, हर घर से एक सदस्य विजयादशमी संचलन में शामिल हो

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में 5 अक्टूबर को उज्जैन महानगर में सात जगह से निकलेंगे संचलन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
होटल सॉलिटियर में बैठक में टारगेट तय हुए
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। आरएसएस अपने शताब्दी वर्ष में विजयादशमी पर निकलने वाले सालाना पथ संचलन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए स्वयंसेवक घर-घर दस्तक देने वाले हैं। पहली बार संघ ने पथ संचलन और विजय उत्सव में हर परिवार से एक सदस्य को शामिल करने का लक्ष्य रखा है।
हर साल उज्जैन महानगर के 7 नगर से अलग-अलग संचलन निकलते हैं और इनमें औसतन एक-एक हजार स्वयंसेवक शामिल होते हैं। इस बार यह टारगेट 2 से 3 हजार का रखा गया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोडऩे के लिए इस बार पथ संचलन भी रविवार (5 अक्टूबर) को निकाला जाएगा। यूं यह दशहरे के दिन निकलता है। इस बार दशहरा 2 अक्टूबर को है।
शनिवार को टारगेट तय करने के लिए चिंतामन मार्ग स्थित होटल सॉलिटियर में आरएसएस ने सहयोगी संगठनों के प्रमुखों के साथ मीटिंग की। इसमें आरएसएस की तरफ से अशोक सोहनी, विभाग कार्यवाह पारस गेहलोत, भाजपा की तरफ से सांसद अनिल फिरोजिया, निगम सभापति कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री जगदीश पांचाल, पूर्व विधायक पारस जैन, पूर्व यूडीए अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, पूर्व निगमाध्यक्ष सोनू गेहलोत सहित करीब 300 लोग शामिल हुए।
यह निर्देश दिए
प्रत्येक घर तक हमें संपर्क करना है और एक सदस्य को संचलन या संघ के विजयोत्सव में लाना है।
पदाधिकारी कम से कम पांच लोगों से संपर्क करेंगे।
संचलन में हर वर्ग, हर समाज, हर उम्र के लोगों को शामिल करना है।
डॉक्टर, अभिभाषक, इंजीनियर, उद्योगपति, नौकरीपेशा, समाजसेवी, व्यापारी और कॉरपोरेट के लोग भी शामिल हों।
महानगर उज्जैन के सात नगरों में संचलन निकलेगा। प्रत्येक में कम से कम तीन हजार लोग शामिल हों।
यहां से निकलेंगे संचलन
केशवनगर-पुराना माधव कॉलेज देवासगेट
विक्रमादित्य नगर- क्षीरसागर स्टेडियम
मधुकर नगर- गुमानदेव हनुमान मंदिर पीपलीनाका
सुदर्शननगर- सेंटपाल स्कूल के सामने मैदान से
माधवनगर -दशहरा मैदान स्टेडियम
राजेंद्र नगर- शास्त्रीनगर मैदान
कालिदासनगर स्पोट्र्स एरिना -महानंदानगर
शाम 4 बजे निकलेगा पथ संचलन
अमूमन पथ संचलन सुबह के समय निकलता है, लेकिन इस बार ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोडऩे के लिए इसका समय शाम 4 बजे और दिन रविवार रखा गया है। संचलन शुरू होने से पहले समता प्रयोग (पीटी-आसन) का प्रदर्शन और बौद्धिक होगा। अलग-अलग नगर में संघ के अलग-अलग पदाधिकारी बौद्धिक देंगे।
आरएसएस के शताब्दी वर्ष में उज्जैन महानगर के प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को संचलन या विजयोत्सव में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। 5 अक्टूबर को उज्जैन महानगर के ७ नगरों में संचलन निकाला जाएगा।-पारस गेहलोत, विभाग कार्यवाह