वीर संग्रहालय अगस्त में बनकर होगा तैयार

श्रम न्यायालय अब जिला न्यायालय में होगा स्थानांतरित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैैन। पुराने जमाने का कोठी पैलेस अब नया रूप ले रहा है। इसे मध्यप्रदेश सरकार वीर भारत संग्रहालय के रूप में विकसित कर रही है, जिससे यह भव्य दिखाई देने लगा है। 15 अगस्त तक इसे संस्कृति विभाग को हैंड ओवर कर दिया जाएगा। ऊपरी हिस्सा अप्रैल तक तैयार होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने मंगलवार दोपहर को कोठी पैलेस पर चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान स्मार्ट सिटी के इंजीनियर ने बताया ऊपरी मंजिल का काम जल्द पूरा हो जाएगा। अप्रैल तक यह मंजिल हैंडओवर करने की स्थिति में होगी। अगस्त तक कोठी पैलेस एक नए रूप में दिखाई देगा। अभी इस भवन परिसर में श्रम न्यायालय संचालित होता है, जिसे जिला न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
इस संबंध में अंतिम निर्णय हो गया है। कुटुंब न्यायालय और उपभोक्ता फोरम को अन्यत्र स्थानांतरित करने पर भी सहमति बन गई है। सिंहस्थ 2028 से पहले प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार इसे वीर भारत संग्रहालय का रूप देने की तैयारी में है। यहां भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण सहित देश के नायकों का जीवन इतिहास देखने को मिलेगा और उज्जैन एक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित होगा।









