Popup Image
Advertisement

मौत की डोर ने खून बहाया तो बचाव शुरू

खबर का असर… चायनीज मांझे से बचने के लिए हरिफाटक ओवरब्रिज पर महाकाल पुलिस ने बांधे तार

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मौत की डोर ने छात्र का खून बहाया जिसके बाद महाकाल पुलिस एक्शन में आई और मंगलवार दोपहर हरिफाटक ओवरब्रिज पर बिजली के पोल पर तार बांधे गए। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए महाकाल पुलिस ने यह पहल की।

दरअसल, हर साल प्रशासन चायनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाता है, पुलिस दुकानों और छतों पर जाकर सर्चिंग करती है, बावजूद इसके हर साल शहरवासियों के साथ गंभीर हादसे होते हैं। इस बार भी प्रशासन ने भले ही डेढ़ माह पहले से मौत की इस डोर पर प्रतिबंध लगा दिया हो लेकिन 8 दिसंबर को गणेशनगर में रहने वाला स्टूडेंट्स विपुल महिवाल चायना डोर की चपेट में आ गया जिससे उसका गला कट गया। हादसा जीरो पॉइंट ब्रिज पर उस वक्त हुआ जब वह जरूरी काम से वहां से गुजर रहा था। इस घटना के बाद एक बार फिर से आदेश की पोल खुल गई।

Advertisement

खबर के बाद जागी पुलिस
अक्षरविश्व ने 9 दिसंबर के अंक में पेज १२ पर ‘जिंदगी की डोर के लिए हमें रहना होगा सतर्क’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी जिसके बाद दोपहर में महाकाल पुलिस एक्शन में आई। टीआई गगन बादल के निर्देश पर एएसआई चंद्रभानसिंह चौहान अपनी टीम के साथ हरिफाटक ब्रिज पर पहुंचे और तार बांधने शुरू किए ताकि ब्रिज से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए चायनीज डोर हादसों का कारण ना बने।

वाहन चालकों को रोका और उपाय बताए: अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने ब्रिज से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को रोककर सावधानियों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि पतंग उड़ाने वाले क्षेत्रों से गुजरते समय गले पर मफलर, स्कार्फ या कपड़ा बांधें। अपने दोपहिया वाहनों पर एंटी-डोर सुरक्षा गार्ड जरूरी लगवाएं। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और बेवजह स्पीड ना बढ़ाएं ताकि हादसे को रोका जा सके।

Advertisement

कोई यूज करे तो हमें बताएं
पुलिस ने शहरवासियों से निवेदन किया कि प्रतिबंधित चायना डोर का यूज ना करें और ना ही इसे बेचने के लिए प्रोत्साहित करें। ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का यह अभियान ना केवल कार्रवाई के लिए बल्कि जनजागरूकता के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है।

पिछले दिनों दुकानों पर की थी चैकिंग
रविवार को महाकाल थाना पुलिस की टीम तोपखाना क्षेत्र में पहुंची थी। यहां पतंग दुकानों का निरीक्षण किया था। इस दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी कि यदि किसी के पास प्रतिबंधित चायनीज मांझा ब्रिजी या संग्रह करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना महाकाल पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

छात्रा की हुई थी दर्दनाक मौत
15  जनवरी वर्ष 2022 को जीरो पॉइंट ब्रिज पर दर्दनाक हादसा हुआ था जब एक्टिवा से अपनी दोस्त के साथ जा रही छात्रा नेहा आंजना का चायना डोर के कारण गला कट गया था। अधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। हालांकि, हर साल प्रशासन इस मौत की डोर पर प्रतिबंध भी लगाता है लेकिन यह प्रतिबंध कागजी साबित होता है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें