Advertisement

गूगल मैप खाली रास्ते से ले जा रहा महाकाल मंदिर

पहली बार क्राउड मैनेजमेंट के लिए हाईटेक प्रयोग तंग गलियां बंद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

गूगल के एल्गोरिदम में पुलिस ने किया बदलाव

जाम वाले रास्ते मैप से नदारद, खाली रूट दिखेंगे

Advertisement

बाहरी वाहनों को सीधे पार्किंग का रास्ता दिखाएगा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। साल 2025 की विदाई और नए साल 2026 के स्वागत के लिए देशभर से आ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने डिजिटल चक्रव्यूह तैयार किया है। पहली बार उज्जैन पुलिस गूगल मैप के साथ मिलकर रीयल-टाइम क्राउड मैनेजमेंट कर रही है। इसके तहत शहर के संकरे या जाम वाले रास्तों को गूगल मैप अस्थायी रूप से ब्लॉक कर देगा। बाहरी श्रद्धालुओं को केवल वही रास्ता दिखाई देगा जो सीधे पार्किंग तक जा रहा होगा।

Advertisement

सीएसपी कोतवाली राहुल देशमुख इस मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं। आईआईटी धनबाद से बीटैक करने वाले देशमुख ने बताया कि गुरुग्राम की निजी आईटी कंपनी और पुलिस की 10 सदस्यीय टीम लगातार सुबह 8 से रात 10 बजे तक गूगल डेटा पर काम कर रही है। जैसे ही किसी सड़क पर दबाव बढ़ता है, टीम तकनीकी बदलाव कर उस मार्ग को मैप से हटा देती है। इससे श्रद्धालु शहर के अंदरुनी ट्रैफिक में फंसने के बजाय डेडिकेटेड बाहरी रूट से सीधे चारधाम या हरसिद्धि पार्किंग पहुंच रहे हैं। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो इसे सिंहस्थ 2028 में भी बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा।

मैप पर वही रूट दिखेगा जो पुलिस तय करेगी

पहले यह स्थिति बनती थी कि दर्शनार्थी गूगल मैप पर जैसे ही महाकाल मंदिर डालता था तो मैप उसे सबसे छोटा रास्ता दिखाने लगता था। ऐसे में दर्शनार्थी देवासगेट से मालीपुरा, तोपखाना या गुदरी चौराहा, कंठाल, नईसड़क आदि क्षेत्रों की ओर चल पड़ते थे और यहां जाम में फंस जाते थे लेकिन अब गूगल सिर्फ वही रास्ता दर्शनार्थियों को दिखा रहा है जो चौड़ा है और जामरहित है।

चारधाम स्मार्ट पार्किंग और हरसिद्धि मंदिर की पाल के पास बनी पार्किंग महाकाल मंदिर के सबसे नजदीक है। ऐसे में बाहरी श्रद्धालु गूगल मैप के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचते हुए इन पार्किंग तक पहुंच रहे हैं और शहर के भीतर जाम के हालात नहीं बन रहे हैं। सीएसपी देशमुख ने बताया कि गूगल मैप श्रद्धालुओं को जामरहित रूट दिखा रहा है और उन्हें संकरे रास्तों पर होने वाले जाम से बचा रहा है।

आंकड़ों में भीड़ का दबाव

 श्रद्धालु- प्रतिदिन 2 से 3 लाख।

वाहन- सामान्य दिनों में 6 हजार, अभी 12 हजार फोर व्हीलर।

निगरानी- सुबह 8 से रात 10 बजे तक

कौन कर रहा है- पुलिस की स्पेशल टीम

क्या कर रही- रीयल टाइम मॉनीटरिंग।

पार्किंग का ही करें उपयोग
बेगमबाग, जयसिंहपुरा और हरसिद्धि क्षेत्र में आम आदमी को जाम में फंसने से बचाने के लिए मंदिर समिति और पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु शहर के भीतर वाहन लाने के बजाय निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें। जूता स्टैंड की व्यवस्था भी चार धाम क्षेत्र में की गई है ताकि श्रद्धालुओं को लौटने में आसानी हो।

यहां हैं फोरव्हीलर पार्किंग
1. हरिफाटक ओवरब्रिज के सामने मन्नत गार्डन
2. हरिफाटक ओवरब्रिज के नीचे
3. कर्कराज मंदिर पार्किंग
4. भील समाज धर्मशाला
5. कलोटा समाज धर्मशाला
6. कार्तिक मेला मैदान

Related Articles

Write a review